खिचड़ी में छिपकली मिलने से 48 बच्चे बीमार, मिड-डे मील खाते ही मची अफरा-तफरी

Updated:
विज्ञापन
श जैजी | Prabhat Khabar Network

खिचड़ी में छिपकली मिलने के बाद फेका गया

मधुपुरा के मध्य विद्यालय जागीर टोला में मिड-डे मील की खिचड़ी में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया. खिचड़ी खाने के बाद 48 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन

Madhepura Mid-Day Meal: मधेपुरा जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत इटवा जीवछपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, जागीर टोला में शनिवार को मध्याह्न भोजन में बड़ी लापरवाही सामने आई. बच्चों के अनुसार परोसी गई खिचड़ी में छिपकली मिलने के बाद उसे खा चुके 48 से अधिक विद्यार्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सूचना मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और सभी बच्चों को इलाज के लिए सिंहेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.

खिचड़ी खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत

बच्चों ने बताया कि खिचड़ी खाने के कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द, गले में जलन और बेचैनी महसूस होने लगी. विद्यालय परिसर में अचानक कई बच्चों की तबीयत खराब होने से अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण और अभिभावक बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए.

48 बच्चों का इलाज, दो मेडिकल कॉलेज रेफर

सभी बीमार बच्चों को सिंहेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. सीएचसी प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार ने चिकित्सकों को तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. इलाज कर रही डॉ. अर्चना कुमारी ने बताया कि एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के पहुंचने से आपात स्थिति बन गई थी, लेकिन सभी का तत्काल उपचार किया गया. सात बच्चों को सलाइन चढ़ाया गया. इनमें से दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अधिकांश बच्चों की हालत खतरे से बाहर है.

छात्र की थाली में मिला छिपकली का हिस्सा

विद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्ग छह के छात्र आयुष कुमार की थाली में छिपकली का पिछला हिस्सा दिखाई दिया. इसके बाद बच्चों में दहशत फैल गई. पल्लवी, मधु, सुधा, कल्पना, सोनम और सुपर कुमारी सहित कई बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ गई. बाद में चिकित्सकीय उपचार के बाद अधिकांश बच्चों की हालत में सुधार हुआ.

खिचड़ी नाले में बहाने पर भड़के ग्रामीण

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और परोसी गई खिचड़ी देखने की मांग की. आरोप है कि इससे पहले ही बची हुई खिचड़ी को नाले में बहा दिया गया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय में हंगामा किया और शिक्षकों को कुछ समय के लिए कमरे में बंद कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

तीन रसोइयों की देखरेख में बना था भोजन

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार शनिवार का मध्याह्न भोजन रसोइया रीना देवी, पिंकी देवी और एक अन्य रसोइया की निगरानी में तैयार किया गया था. रसोइया रीना देवी का पुत्र मनखुश कुमार भी वही भोजन खाने के बाद बीमार पड़ गया.

प्रधानाध्यापक ने माना रसोइया की लापरवाही

विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल कुमार भारती ने कहा कि रसोइया की गलती के कारण खिचड़ी में छिपकली का हिस्सा पहुंच गया. बच्चों ने जैसे ही इसे देखा, उनमें भय और अफरा-तफरी फैल गई.

प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

Madhepura Mid-Day Meal: प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है. मिड-डे मील के नमूने सुरक्षित रखे जा रहे हैं तथा पूरे मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
सुशांत कुमार

लेखक के बारे में

By सुशांत कुमार

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन