सिद्धिदात्री के पूजन से टेमाभेला में गूंजा जयकारा, अष्टयाम से माहौल हुआ भक्तिमय

सिद्धिदात्री के पूजन से टेमाभेला में गूंजा जयकारा, अष्टयाम से माहौल हुआ भक्तिमय
ग्वालपाड़ा . प्रखंड क्षेत्र के टेमाभेला कंटाही गांव में मां भगवती के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की गयी. महानवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन का आयोजन किया गया. पंडित विकास झा के सानिध्य में यजमानों और श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री की पूजा से भक्तों को सभी प्रकार की सिद्धियां प्राप्त होती हैं और उनके समस्त कार्य पूर्ण होते हैं. हवन के दौरान जय माता दी के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा. महाअष्टमी से शुरू हुआ दो दिवसीय अखंड अष्टयाम संकीर्तन शुक्रवार को भी अनवरत जारी रहा. हरे-राम, हरे-कृष्ण के कीर्तन से पूरा गांव भक्ति के सागर में डूबा रहा. दूर-दराज से आए कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया. इधर, पूजा समिति के अध्यक्ष अरविंद यादव, उपाध्यक्ष रिंकू झा, रामानंद यादव और कोषाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि शनिवार को माता की प्रतिमा की विसर्जन जुलूस निकाला जायेगा. इस दौरान गांव भ्रमण के पश्चात पूरे विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा. आयोजन को सफल बनाने में नित्यानंद यादव, डॉ. शेखर झा, विवेक झा आदि सक्रिय हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




