भैंस से टकराई बाइक, राजमिस्त्री की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
Published by : Kumar Ashish Updated At : 17 May 2026 6:54 PM
भैंस से टकराई बाइक, राजमिस्त्री की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
उदाकिशुनगंज से काम कर घर लौटने के दौरान सपरदह पुलिया के समीप हुई घटना, परिजनों में कोहराम
पुरैनी (मधेपुरा). उदाकिशुनगंज से फुलौत जाने वाली एनएच-106 पर शनिवार की रात करीब आठ बजे भैंस से टकराने के कारण बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.मृतक की पहचान पुरैनी प्रखंड के सपरदह जयलाल टोला (वार्ड संख्या 10) निवासी मो रहुफ (55) के रूप में हुई है. वहीं, घायल व्यक्ति आलमनगर थाना क्षेत्र के कुंजौरी पंचायत अंतर्गत भरतखंड निवासी मो. आफाक (50) हैं.
विपरीत दिशा से आ रही भैंस से हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, मो रहुफ व मो आफाक राजमिस्त्री का काम करते थे. शनिवार की रात दोनों उदाकिशुनगंज से काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच-106 पर सपरदह पुलिया के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक भैंस से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मो. रहुफ को सिर और छाती में काफी अधिक चोटें आईं.
डायल-112 की टीम ने अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची व दोनों घायलों को आनन-फानन में पुरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. लेकिन, हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही मो. रहुफ ने दम तोड़ दिया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मो रहुफ की मौत की खबर सुनते ही सपरदह स्थित उनके घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मो रहुफ राजमिस्त्री का कार्य कर अपने बड़े परिवार का भरण-पोषण अकेले करते थे. उनके परिवार में चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं. उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










