तुरकैजनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर परिवार पर जानलेवा हमला

Updated at : 10 Mar 2026 6:24 PM (IST)
विज्ञापन
तुरकैजनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर परिवार पर जानलेवा हमला

तुरकैजनी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर परिवार पर जानलेवा हमला

विज्ञापन

चाकू, लाठी-डंडे से मारपीट में कई लोग घायल, केस वापस लेने का बना रहे थे दबाव

बड़हिया. प्रखंड के बीरूपुर थाना क्षेत्र के तुरकैजनी गांव में सोमवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. पीड़ित पक्ष ने बीरूपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़ित सह रामकृष्ण महतो के पुत्र राकेश कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि सोमवार की देर शाम वह अपने परिवार के साथ घर में भोजन कर रहे थे. इसी दौरान गांव के ही पंजाबी पासवान के पुत्र फुन्नी कुमार, गुड्डू कुमार, आकाश कुमार, राकेश कुमार व राहुल कुमार समेत 2-4 अज्ञात युवक उनके दरवाजे पर पहुंचे व गाली-गलौज करने लगे. आरोप है कि सभी लोग शराब के नशे में थे. पूर्व में दर्ज एक मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे थे. राकेश कुमार के अनुसार जब उन्होंने केस वापस लेने से इनकार किया तो आरोपित फुन्नी कुमार ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ 4-5 वार कर दिया. हमले में उनका सिर फट गया व वह जमीन पर गिर पड़े. शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सकिंदर कुमार और मां चिंतामणि देवी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा. गुड्डू कुमार व अन्य लोगों ने लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर सकिंदर कुमार का सिर फोड़ दिया, जबकि मां चिंतामणि देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया. हमले में राकेश कुमार की चाची के पैर में भी गंभीर चोट आयी है. पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन व कुछ नकद रुपये भी छीन लिया. जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी व कहा कि यदि थाना में शिकायत की गयी तो अंजाम बुरा होगा. घटना के बाद घायल अवस्था में परिजन थाना पहुंचे, जहां राकेश कुमार बेहोश होकर गिर पड़े. थानाध्यक्ष के निर्देश पर सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, बड़हिया भेजा गया. चिकित्सकों के अनुसार राकेश कुमार के सिर में 14 टांके व उनके भाई सकिंदर कुमार के सिर में चार टांके लगाये गये हैं. इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र देव दीपक ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर लिया गया है. मामले की छानबीन की जा रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन