लखीसराय संग्रहालय में होगी हेरिटेज फोटोग्राफी कार्यशाला
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 17 May 2026 1:40 PM
इतिहास, कला और फोटोग्राफी में रुचि रखने वालों के लिए लखीसराय में खास आयोजन होने जा रहा है. अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर दो दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में लोगों को प्राचीन धरोहरों से रूबरू कराया जाएगा, वहीं Heritage Photography Workshop भी आकर्षण का केंद्र बनेगी.
लखीसराय से राजीव मुरारी सिन्हा की रिपोर्ट :
18 और 19 मई को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत होगा. संग्रहालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कलाकारों और आम लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है.पहले दिन ‘आओ चलें संग्रहालय की ओर’ कार्यक्रम
18 मई को सुबह 11 बजे से “आओ चलें संग्रहालय की ओर” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा. इस दौरान आगंतुकों को संग्रहालय भ्रमण कराया जाएगा और यहां संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जानकारी दी जाएगी.कार्यक्रम में प्राचीन मूर्तियों, दुर्लभ सिक्कों, पुरातात्विक अवशेषों और अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं के महत्व पर परिचर्चा होगी. साथ ही विरासत संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा.
छात्रों और युवाओं को इतिहास से जोड़ने की पहल
संग्रहालय प्रशासन के अनुसार आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना है. कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं का संग्रह नहीं, बल्कि इतिहास और संस्कृति की जीवंत पहचान हैं. लखीसराय संग्रहालय में मौजूद पुरावशेष जिले के गौरवशाली अतीत की कहानी बयां करते हैं.दूसरे दिन होगी हेरिटेज फोटोग्राफी कार्यशाला
19 मई को सुबह 11 बजे से फोटोग्राफी कार्यशाला आयोजित की जाएगी. यह कार्यशाला लखीसराय फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित होगी.कार्यशाला में प्रतिभागियों को विरासत और संग्रहालय फोटोग्राफी की बारीकियां सिखाई जाएंगी. इसमें प्रकाश संयोजन, फ्रेम संरचना और सांस्कृतिक धरोहरों के कलात्मक दस्तावेजीकरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. स्थानीय फोटोग्राफर्स, विद्यार्थी और कला-संस्कृति प्रेमी इसमें हिस्सा ले सकेंगे.
दोनों दिन रहेगा नि:शुल्क प्रवेश
संग्रहालय प्रशासन के अनुसार दोनों दिन आयोजित कार्यक्रमों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों और शोधार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी विरासत को करीब से जानने की अपील की गई है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










