कल से तीन दिवसीय अशोक धाम महोत्सव शुरू

Updated at : 05 Apr 2025 9:27 PM (IST)
विज्ञापन
कल से तीन दिवसीय अशोक धाम महोत्सव शुरू

आगामी 7 से 9 अप्रैल तक आयोजित होने वाले आगामी अशोक धाम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीएम कार्यालय कक्ष में डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.

विज्ञापन

लखीसराय. आगामी 7 से 9 अप्रैल तक आयोजित होने वाले आगामी अशोक धाम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीएम कार्यालय कक्ष में डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. इसमें विभिन्न विभागीय पदाधिकारियों सहित अशोक धाम ट्रस्ट के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. जिसमें जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, डीईओ यदुवंश राम, अशोक धाम ट्रस्ट के सचिव डॉ. कुमार अमित, सदस्य डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा सहित अन्य सदस्य व सांस्कृतिक सलाहकार रविराज पटेल उपस्थित थे. बैठक में उपस्थित लोगों ने महोत्सव को भव्य व सार्थक बनाने हेतु अपने-अपने सुझाव दिये. निर्णय लिया गया कि अशोक धाम महोत्सव तीन दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जायेगा. जिसमें धार्मिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों का समावेश होगा. विशेष रूप से विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया. जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी व संस्कृत श्लोक वाचन शामिल हैं. इन प्रतियोगिताओं की विषयवस्तु भगवान शिव व देवी शक्ति पर आधारित होगी, जिससे विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति चेतना का विकास हो सके. बैठक में बताया गया कि महोत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया जायेगा. तीनों दिन पूजा-अर्चना तथा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जायेगी, जिसमें श्रद्धालु भाग ले सकेंगे. इसके अतिरिक्त, महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अभिनेता विकास कुमार की गरिमामयी उपस्थिति भी सुनिश्चित की गयी है, जो कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ायेंगे. बैठक के अंत में डीएम श्री मिश्र ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से कार्य योजना तैयार करने तथा सामंजस्यपूर्ण समन्वय बनाकर महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिये.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तय की गयी रूपरेखा

प्रथम दिवस में प्रभात फेरी व शोभायात्रा, शिवार्चन तथा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन. रिकनेक्ट लखीसराय के माध्यम से लखीसराय के प्रवासियों से संवाद व संध्या में प्रख्यात आमंत्रित कलाकार द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा, जो वातावरण को भक्तिमय बनायेगा.

द्वितीय दिवस में चित्रकला तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं व अन्य कार्यक्रमों के अतिरिक्त स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी.

तृतीय दिवस में निबंध तथा श्लोक वाचन प्रतियोगिता व संध्या में विद्यालयी छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेगी, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन