लखीसराय में नीट पुनर्परीक्षा के दौरान बड़ा खुलासा, दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे 9 फर्जी छात्र गिरफ्तार
लखीसराय : परीक्षा कक्ष में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र जांच करतीं पदाधिकारी.
NEET Re-Exam Scam : नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान बिहार के लखीसराय में बड़ा खुलासा. परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी में ऐसे 'मुन्नाभाई' पकड़े गए जो मोटी रकम लेकर दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे.
NEET Re-Exam Scam : लखीसराय. बिहार में नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान लखीसराय से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिले के तीन परीक्षा केंद्रों से नौ फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि ये लोग मोटी रकम लेकर वास्तविक अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे. प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार लोगों में दो इंटर्न डॉक्टर, पांच एमबीबीएस छात्र और अन्य स्कॉलर शामिल होने की बात सामने आ रही है. पुलिस इस मामले को बड़े संगठित गिरोह से जोड़कर जांच कर रही है.
गुप्त सूचना ने खोली फर्जीवाड़े की परतें
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा के दौरान पुलिस और प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले हैं. सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस टीम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की. जांच के दौरान राजकीय उच्च विद्यालय हसनपुर, केआरके हाई स्कूल और सेंट्रल स्कूल किऊल से नौ लोगों को हिरासत में लिया गया.
मोटी रकम का था सौदा, आधी राशि पहले ही ली गई थी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर उनकी जगह परीक्षा देने पहुंचे थे. सौदे के तहत आधी रकम पहले ही ली जा चुकी थी. माना जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में लाइनर, बिचौलिये और मेडिकल छात्र शामिल हैं. पुलिस अब इस रैकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.
पटना से दिल्ली तक फैल सकता है नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अधिकतर लोग पटना और दिल्ली के मेडिकल कॉलेजों से जुड़े हो सकते हैं. इनमें नालंदा, पटना, भागलपुर, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि प्रशासन ने अभी आधिकारिक तौर पर किसी नाम की पुष्टि नहीं की है.
NEET Re-Exam Scam : अन्य जिलों में भी होगी छापेमारी
अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि 10 से 12 लोगों के दूसरे अभ्यर्थियों के बदले परीक्षा देने की सूचना मिली है और सभी से गहन पूछताछ की जा रही है. वहीं एसडीपीओ शिवम कुमार ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के सहयोगियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अन्य जिलों में भी छापेमारी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










