19 साल, 1 मैदान और 2 जनरेशन! रोहित शर्मा की 'लकी पिच' पर डेब्यू करने जा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी
शॉट खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी
Rohit Sharma Vaibhav Suryavanshi Belfast: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बीच एक बेहद अनोखा संयोग बनने जा रहा है. रोहित शर्मा ने 19 साल पहले जिस ग्राउंड पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, पूरी संभावना है कि वैभव सूर्यवंशी भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत उसी मैदान से करेंगे.
Rohit Sharma Vaibhav Suryavanshi Belfast: क्रिकेट इतिहास खुद को दोहराने जा रहा है. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 19 साल पहले जिस ऐतिहासिक मैदान से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था, अब बिहार के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी भी उसी मैदान पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू करते नजर आ सकते हैं. दोनों की उम्र और दौर भले ही अलग हों, लेकिन उनके सफर की शुरुआत का गवाह एक ही मैदान बनने वाला है.
रोहित शर्मा के ऐतिहासिक डेब्यू ग्राउंड पर करेंगे शुरुआत
अफगानिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ T20 सीरीज खेलने के लिए तैयार है. इस दौरे पर टीम इंडिया को नया कप्तान मिलने के साथ ही 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू भी देखने को मिल सकता है. IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया है. खास बात यह है कि अगर वैभव को मौका मिलता है, तो उनका डेब्यू उसी मैदान पर होगा जहां रोहित शर्मा ने अपने करियर का पहला इंटरनेशनल मैच खेला था.
रोहित शर्मा के 19 साल पुराने बेलफास्ट डेब्यू की पूरी कहानी
साल 2007 में रोहित शर्मा ने आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर अपना पहला इंटरनेशनल वनडे मैच खेला था. इस मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 194 रन बनाए थे. जवाब में उतरी भारतीय टीम के लिए सौरव गांगुली और गौतम गंभीर ने ऐसी दमदार बल्लेबाजी की कि भारत ने 9 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया. यही वजह थी कि टीम इंडिया की जीत के बीच रोहित शर्मा को अपने डेब्यू मैच में क्रीज पर उतरने का मौका नहीं मिल सका था.
बेलफास्ट में डेब्यू करने को तैयार वैभव सूर्यवंशी
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय सीनियर टीम के साथ अपने करियर के पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए बेलफास्ट पहुंच चुके हैं. T20 फॉर्मेट में उनके हालिया धमाकेदार प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि आयरलैंड के खिलाफ पहले T20 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में उन्हें जरूर मौका मिलेगा. यदि ऐसा होता है, तो 26 जून की तारीख 15 वर्षीय वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू के रूप में इतिहास का हिस्सा बन जाएगी, और बेलफास्ट का यह मैदान एक बार फिर भारत के एक अगला सुपरस्टार के आगाज का गवाह बनेगा.
रोहित शर्मा को डेब्यू पर नहीं मिली थी बैटिंग
आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की T20 सीरीज में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी बतौर ओपनर मैदान में उतर सकते हैं. यह रोहित शर्मा के डेब्यू से बिल्कुल अलग होगा, जिन्हें 2007 में इसी बेलफास्ट के मैदान पर बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका था. यदि बेलफास्ट की पिच वैभव के आक्रामक खेल के अनुकूल रही, तो वह अपने डेब्यू को यादगार बना सकते हैं. भारत और आयरलैंड के बीच पहला T20 मुकाबला 26 जून को और दूसरा 28 जून को बेलफास्ट में ही खेला जाएगा.
इसे भी पढ़े- फिटनेस गई तेल लेने… मैच से पहले फास्ट फूड पर टूटीं पाकिस्तानी खिलाड़ी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ritu Raj
प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










