तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे दुकानदार को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने उठाई बड़ी मांग

Updated:
विज्ञापन
लखीसराय सूर्यगढ़ा थाना

लखीसराय सूर्यगढ़ा थाना

Lakhisarai Accident News: लखीसराय के सूर्यगढ़ा में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे एक दुकानदार को कुचल दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद स्थानीय लोग सुरक्षा के उपायों को लेकर प्रशासन से सवाल उठा रहे हैं.

विज्ञापन

Lakhisarai Accident News: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. अलीनगर इंग्लिश गांव में यूनियन बैंक शाखा के पास सड़क पार कर रहे एक दुकानदार को तेज गति से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर और अन्य सड़क सुरक्षा इंतजाम करने की मांग तेज कर दी है.

ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थान लंबे समय से दुर्घटनाओं का हॉट स्पॉट बना हुआ है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

मृतक की पहचान अलीनगर वार्ड संख्या-6 निवासी 52 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है. वह स्व. विश्वनाथ पोद्दार के पुत्र थे और गांव में मनिहारी एवं श्रृंगार सामग्री की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे.

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:30 बजे प्रदीप कुमार यूनियन बैंक शाखा के समीप सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान लखीसराय से सूर्यगढ़ा की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, लखीसराय रेफर कर दिया.

इसके बाद परिजन उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने बाइक जब्त की, चालक भी घायल

घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसआई नित्यानंद सिंह और एएसआई मणिकांत यादव ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया.

थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

हादसे में बाइक चालक मनीष कुमार, निवासी मोकामा (पटना), भी घायल हुआ. प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया.

Lakhisarai Accident News: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रदीप कुमार की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. परिवार का मुख्य सहारा चले जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रदीप कुमार मिलनसार स्वभाव के थे और वर्षों से दुकान चलाकर परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे.

ग्रामीणों का आरोप, हादसों का हॉट स्पॉट बन चुका है यह मोड़

ग्रामीणों का कहना है कि यूनियन बैंक शाखा के पास का मोड़ पिछले करीब 20 वर्षों में 35 से अधिक सड़क दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है. कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया.

लोगों ने प्रशासन से यहां जल्द स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


विज्ञापन
राजेश गुप्ता

लेखक के बारे में

By राजेश गुप्ता

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन