लखीसराय के विद्यापीठ चौक पर बस पड़ाव शुल्क वसूली के विरोध में कांवरियों का हंगामा, नगर परिषद करेगी कार्रवाई

नगरपरिषद की रसीद
Lakhisarai News: लखीसराय के विद्यापीठ चौक पर बस पड़ाव शुल्क को लेकर कांवरियों और कर्मियों के बीच विवाद गहरा गया. कांवरियों ने शुल्क वसूली के विरोध में सड़क पर वाहन खड़े कर प्रदर्शन किया. नगर परिषद इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगी.
लखीसराय से अजित कुमार की रिपोर्ट
Lakhisarai News: लखीसराय के विद्यापीठ चौक पर मंगलवार सुबह बस पड़ाव शुल्क की वसूली को लेकर कांवरियों और बस पड़ाव कर्मियों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि बस पड़ाव कर्मी ने कांवरिया वाहन को रोककर दोबारा पड़ाव शुल्क मांगा, जिसके विरोध में कांवरियों ने वाहन सड़क पर तिरछा खड़ा कर विरोध प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद मामला शांत कराया.
पहले ही शुल्क देने का किया दावा
कांवरियों का कहना था कि उन्होंने नया बाजार बस पड़ाव पर पहले ही 150 रुपये का शुल्क जमा कर दिया था. इसके बावजूद विद्यापीठ चौक पर दोबारा शुल्क मांगा गया. उनका आरोप था कि जो पर्ची दिखाई जा रही थी, वह वैध नहीं थी. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया.
पुलिस पहुंची तो कर्मी मौके से हटे
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली. पुलिस के पहुंचने के दौरान बस पड़ाव कर्मी मौके से चले गए. इसके बाद पुलिस ने कांवरियों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई.
थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ताओं से लिखित आवेदन देने को कहा, ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके, लेकिन किसी ने आवेदन नहीं दिया. ऑनलाइन शिकायत का विकल्प भी बताया गया, पर उस माध्यम से भी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.
नगर परिषद के निर्णय के बावजूद विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर परिषद की बोर्ड बैठक में पहले ही निर्णय लिया गया था कि बस पड़ाव शुल्क केवल निर्धारित बस पड़ाव परिसर में ही लिया जाएगा. यदि कोई कर्मी अन्य स्थान पर शुल्क वसूलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.
लोगों का यह भी कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों से बस पड़ाव शुल्क नहीं लेने के निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद कई जगहों पर वसूली की शिकायतें सामने आती रहती हैं.
Lakhisarai News: नगर परिषद ईओ ने नोटिस की कही बात
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. बस पड़ाव के संवेदक को नोटिस जारी किया जाएगा. यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो नगर पालिका अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










