सासाराम में ड्यूटी के दौरान ट्रैक्टर ने यातायात जवान को रौंदा, कोली गांव का था रहने वाला

Updated:
विज्ञापन

Sasaram Road Tragedy : लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र स्थित कौली गांव के रहने वाले यातायात पुलिस जवान मुकेश कुमार की ड्यूटी के दौरान दर्दनाक मौत हो गयी. सासाराम चौक पर बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश में ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया. घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. इस हादसे के बाद पुलिस महकमे से लेकर गांव तक शोक की लहर दौड़ गई है.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह व देव कुमार की रिपोर्ट :

39 वर्षीय मुकेश कुमार की तैनाती सासाराम में थी. शनिवार शाम वे रोहतास रोड स्थित सासाराम चौक पर यातायात ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने बालू लदे एक ट्रैक्टर को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया. आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय ट्रैक्टर तेज कर दिया और जवान को कुचलते हुए मौके से भागने लगा.

स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. हादसा इतना भीषण था कि मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की. घटना के बाद सासाराम पुलिस लाइन में भी शोक का माहौल देखा गया. साथी पुलिसकर्मियों ने कहा कि मुकेश अपनी ड्यूटी को लेकर बेहद सजग और जिम्मेदार अधिकारी थे.

लखीसराय पुलिस लाइन में जवान को दी गयी अंतिम सलामी

रविवार को सासाराम यातायात पुलिस के एसआई प्रमोद कुमार यादव जवानों के साथ मुकेश कुमार का पार्थिव शरीर लेकर लखीसराय पुलिस लाइन पहुंचे. यहां एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.पुलिस जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में माहौल बेहद भावुक हो गया.

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

मुकेश कुमार कौली गांव निवासी सरोवर दास के पुत्र थे. वे अपने पीछे माता-पिता. पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. जैसे ही गांव में उनकी मौत की खबर पहुंची. पूरे इलाके में मातम पसर गया.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं. साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार मुकेश कुमार की तैनाती करीब छह माह पहले ही सासाराम में हुई थी और वे बेहद ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन