बायपास पर नो-एंट्री से लखीसराय में ‘महाजाम’, शहर की रफ्तार थमी
Lakhisari News : लखीसराय में बायपास मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू होते ही पूरा शहर जाम की गिरफ्त में आ गया है. मुख्य सड़क पर ट्रक, डंपर और ट्रेलर की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे स्कूली बच्चों से लेकर आम लोगों तक की परेशानी बढ़ गयी है.
लखीसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट :
लखीसराय शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गयी है. बायपास मार्ग से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगने के बाद अब बड़े वाहन शहर के मुख्य मार्ग से गुजर रहे हैं. इसका असर यह हुआ कि शहर में दिनभर रुक-रुक कर भीषण जाम की स्थिति बन रही है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है.मुख्य सड़क पर भारी वाहनों का कब्जा
बायपास बंद होने के बाद ट्रक, ट्रेलर और डंपर जैसे भारी वाहन शहर के व्यस्त बाजार और घनी आबादी वाले इलाकों से होकर गुजर रहे हैं. सड़क की क्षमता से अधिक वाहनों के दबाव के कारण हर थोड़ी देर में ट्रैफिक थम जा रहा है. स्थिति यह है कि शहर की रफ्तार पर जैसे ब्रेक लग गया हो.
जाम में फंस रहे स्कूली बच्चे
सुबह स्कूल जाने और दोपहर में लौटने के समय जाम की समस्या और गंभीर हो जा रही है. स्कूल बसें और ऑटो लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं. तेज धूप और उमस के बीच बच्चे घंटों वाहनों में बैठे रहने को मजबूर हैं. अभिभावकों का कहना है कि बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं और घर लौटने में भी काफी देर हो रही है.एंबुलेंस तक हो रही प्रभावित
जाम का असर Emergency Service पर भी पड़ रहा है. मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी ट्रैफिक में फंस रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश
लगातार लग रहे जाम से बाजार की रौनक भी प्रभावित होने लगी है. फुटकर दुकानदारों और व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है.प्रशासन से समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से भारी वाहनों के प्रवेश के लिए निश्चित No-Entry Timing तय करने की मांग की है. साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और बायपास समस्या के जल्द समाधान की अपील की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







