लखीसराय जिले के हलसी की बेटी सुप्रिया ने NEET 2026 में मारी बाजी, AIR 13300 हासिल कर पूरा किया दादा का सपना

फोटो - सुप्रिया कुमारी | Prabhat Khabar Network
NEET UG 2026 Success Story: हलसी प्रखंड की बेटी सुप्रिया कुमारी ने NEET-UG 2026 में 13,300 की ऑल इंडिया रैंक हासिल कर अपने दिवंगत दादा का डॉक्टर बनाने का सपना पूरा किया है. उनकी इस शानदार उपलब्धि ने पूरे जिले का नाम रोशन किया है.
NEET UG 2026 Success Story: लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड की बेटी सुप्रिया कुमारी ने NEET-UG 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है. मतासी गांव की रहने वाली सुप्रिया ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 13,300 प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर गांव की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं. उनकी सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल बना दिया है. सबसे भावुक पहलू यह है कि सुप्रिया ने अपनी इस उपलब्धि के जरिए अपने दिवंगत दादा का डॉक्टर बनाने का सपना भी साकार कर दिया.
पहले प्रयास में मिली बड़ी सफलता, गांव में जश्न का माहौल
हलसी प्रखंड के मतासी गांव निवासी विनोद कुमार की पुत्री सुप्रिया कुमारी ने NEET-UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक 13,300 हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है. उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई. परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुप्रिया की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी.
दिवंगत दादा का सपना किया पूरा
सुप्रिया की सफलता का सबसे भावनात्मक पहलू उनके दिवंगत दादा स्वर्गीय रमाकांत सिंह से जुड़ा है. परिवार के अनुसार, उनका सपना था कि उनकी पोती डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे.
NEET में सफलता हासिल कर सुप्रिया ने अपने बाबा के इस सपने को साकार किया है. परिवार इसे उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि मान रहा है.
स्कूल से ही रही मेधावी छात्रा
सुप्रिया शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं. उन्होंने 10वीं की परीक्षा केंद्रीय विद्यालय, हजारीबाग से 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी.
इसके बाद 12वीं की पढ़ाई गोविंद भविष्य भारत, लखीसराय से पूरी की, जहां उन्होंने 93.2 प्रतिशत अंक हासिल किए. लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की और अब NEET-UG 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की.
BSF में हैं पिता, परिवार को बेटी पर गर्व
सुप्रिया के पिता विनोद कुमार मूल रूप से हलसी प्रखंड के मतासी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
बेटी की सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. परिजन इसे वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बता रहे हैं.
NEET UG 2026 Success Story: गांव और जिले के लोगों ने दी बधाई
सुप्रिया की उपलब्धि पर उनके चाचा एवं बाबा राजाराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन के निदेशक श्रवण कुमार ने कहा कि सुप्रिया ने मतासी गांव के साथ-साथ पूरे लखीसराय जिले का नाम रोशन किया है.
इसके अलावा उनके चाचा एवं सीआरपीएफ जवान राजेश कुमार, जयशंकर कुमार, पूर्व मुखिया शिवेंद्र कुमार डब्ल्यू, शिक्षक नेता विपिन बिहारी, गंगा राम सहित कई सामाजिक और शिक्षण क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया.
बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
सुप्रिया की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है. उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार शिक्षक ट्रांसफर पॉलिसी लागू, इस तारीख से शुरू होगा आवेदन, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए पटना के IGIMS ले जाया गया, कल जाएंगे दिल्ली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










