मानपुर में जल निकासी विवाद सुलझा, प्रशासन ने जेसीबी से हटाया सड़क पर जमा पानी

Updated:
विज्ञापन
ग्रामीण से बातचीत करते हुए प्रशासन | Prabhat Khabar Network

ग्रामीण से बातचीत करते हुए प्रशासन | Prabhat Khabar Network

हलसी प्रखंड के मानपुर गांव में लंबे समय से मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या से ग्रामीण परेशान थे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से जेसीबी मशीन की मदद से पानी की निकासी कराई गई, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा हुई। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

विज्ञापन

हलसी प्रखंड के मानपुर गांव में शुक्रवार को जल निकासी विवाद का समाधान प्रशासनिक पहल से हो गया. गांव की मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलजमाव रहने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित था. ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई.

ग्रामीणों की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन

ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर नाली का पानी जमा रहने से हो रही परेशानी को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया था. शिकायत मिलने के बाद बीडीओ अर्पित आनंद, सीओ संजीव कुमार राय, थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन तथा एसआई सत्येंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मानपुर गांव पहुंचे.

मौके पर शुरू कराया गया जल निकासी कार्य

अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर जमा पानी की निकासी शुरू कराई. जल निकासी होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

स्कूली बच्चों को होती थी सबसे अधिक परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय से लगभग 200 मीटर तक सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता था. इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना परेशानी होती थी. कई बच्चे फिसलकर घायल भी हो चुके हैं. बरसात के दिनों में सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था.

स्थायी समाधान की उठी मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समस्या का स्थायी समाधान भी जरूरी है. उन्होंने सड़क के दोनों ओर पक्की नाली निर्माण और सड़क की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की.

अधिकारियों ने दिया भरोसा

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि स्थायी जल निकासी की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन