खगड़िया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शराब के नशे में गिरफ्तार, सरकारी वाहन से शराब की बोतलें बरामद

फोटो -गिरफ्तार खगड़िया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
लखीसराय में एक बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज और उनके चालक को शराब के नशे में हंगामा करते हुए गिरफ्तार किया गया है. उनकी सरकारी गाड़ी से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं.
Supply Officer Arrest: लखीसराय शहर के पूर्वी कार्यानंद नगर मोहल्ले में टाउन थाना पुलिस ने खगड़िया के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज और उनके चालक दीपक कुमार को कथित रूप से शराब के नशे में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से जिला प्रशासन लिखे सरकारी वाहन की तलाशी लेकर पांच बियर और पांच अंग्रेजी शराब की बोतलें भी बरामद की हैं.
गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस
टाउन थाना के अपर थानाध्यक्ष ज्योतिष प्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्वी कार्यानंद नगर में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी दीपक कुमार भारद्वाज शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अधिकारी और उनका चालक दोनों नशे की हालत में मिले.
सरकारी वाहन से शराब की बोतलें बरामद
पुलिस ने घर के समीप खड़ी जिला प्रशासन लिखी क्रेटा वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट से 600 एमएल की पांच बियर की बोतलें तथा 750 एमएल की पांच अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गईं. इसके बाद वाहन को भी जब्त कर लिया गया.
उत्पाद विभाग की जांच में पुष्टि
Supply Officer Arrest: पुलिस ने दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच उत्पाद विभाग की टीम से कराई. जांच में दोनों के शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
पहले से भी दर्ज है एक मामला
अपर थानाध्यक्ष ज्योतिष प्रकाश ने बताया कि दीपक कुमार भारद्वाज के खिलाफ लखीसराय थाना में कांड संख्या 185/26 पहले से दर्ज है और पुलिस को उनकी तलाश थी.
बेगूसराय के निवासी हैं अधिकारी
स्थानीय लोगों के अनुसार दीपक कुमार भारद्वाज मूल रूप से बेगूसराय जिले के शाम्हो क्षेत्र के निवासी हैं. वह पूर्व में बेगूसराय में भी पदस्थापित रह चुके हैं और वर्तमान में लखीसराय के पूर्वी कार्यानंद नगर में आवास बनाकर रह रहे हैं.पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










