19 जुलाई से हलसी मॉडल स्कूल की होगी शुरुआत, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित तैयार मॉडल स्कूल | Prabhat Khabar Network
हलसी प्रखंड मुख्यालय में मॉडल स्कूल का विधिवत शुभारंभ 19 जुलाई को होगा. मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे. यह विद्यालय ग्रामीण मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्रदान करेगा.
Halsi Model School: लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल स्कूल का विधिवत शुभारंभ 19 जुलाई, रविवार को होगा. सरस्वती विद्या निकेतन, राजकीय उच्च विद्यालय हलसी परिसर में संचालित इस विद्यालय का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे. उद्घाटन के साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी और नामांकित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं प्रारंभ हो जायेंगी.
आपके शहर में
मेधावी छात्रों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण वातावरण
मॉडल स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. विद्यालय में नामांकन एससीईआरटी, पटना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित छात्रों की मेधा सूची के आधार पर किया गया है. प्रथम चरण में कुल 40 विद्यार्थियों का चयन हुआ है. वर्तमान में उनके शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक मूल्यांकन के आधार पर सेक्शन निर्धारित किए जा रहे हैं.
स्मार्ट क्लास समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
Halsi Model School: विद्यालय के प्राचार्य रामानुजन कुमार ने बताया कि मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. छात्रों को निर्धारित पोशाक, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षण सामग्री, आधुनिक कक्षाएं तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण का लाभ मिलेगा. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में
विद्यालय परिसर में उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. भवन की साफ-सफाई, कक्षाओं की सजावट तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.
शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद
स्थानीय लोगों ने मॉडल स्कूल की शुरुआत को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है. उनका कहना है कि इस विद्यालय से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए