इंस्टाग्राम रील के चक्कर में सीधे जेल! पुलिस की वर्दी पहन और सर्विस पिस्टल रख बनाया था वीडियो, लखीसराय में युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सूर्यगढ़ा थाना बोर्ड | Prabhat Khabar Network

लखीसराय में एक युवक ने पुलिस की वर्दी पहनकर और सर्विस पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी. इस मामले में पुलिस जवान की शिकायत पर FIR दर्ज हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक को वर्दी और पिस्टल कैसे मिले.

विज्ञापन

लखीसराय. गवाह सुरक्षा में प्रतिनियुक्त एक पुलिस जवान की वर्दी पहनकर और उसकी सर्विस पिस्टल सामने रखकर वीडियो व रील बनाने का मामला सामने आया है. वीडियो को सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जाने के बाद पुलिस जवान की शिकायत पर सूर्यगढ़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

जवान की शिकायत पर सूर्यगढ़ा थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी

पीटीसी नंबर-147 सुजीत कुमार ने सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष को आवेदन देकर मामले की शिकायत की. इसके आधार पर सूर्यगढ़ा थाना कांड संख्या 201/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

आवेदन के अनुसार सुजीत कुमार लखीसराय जिला बल में पदस्थापित हैं. जिला अभियोजन कार्यालय के आदेश पर उन्हें रामपुर निवासी संतोष कुमार सिंह की गवाह सुरक्षा में 23 मई 2026 से प्रतिनियुक्त किया गया था.

छुट्टी पर गए जवान, अनुपस्थिति में वर्दी पहनने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार वह 20 से 26 अगस्त तक आकस्मिक अवकाश पर अपने घर गए थे. आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति के दौरान संतोष कुमार सिंह के साढ़ू के पुत्र सुधांशु कुमार ने उनकी पुलिस वर्दी पहनकर वीडियो और रील बनाई.

जवान ने आरोप लगाया कि वीडियो बनाते समय सर्विस पिस्टल को भी सामने रखा गया था. इसके बाद वीडियो और रील को सोशल मीडिया तथा इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया गया.

31 अगस्त को सोशल मीडिया से मिला वीडियो

पुलिस जवान ने अपने आवेदन में बताया कि छुट्टी से लौटने के बाद 31 अगस्त 2026 को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिली. वीडियो में कथित रूप से उसी स्थान पर युवक पुलिस की वर्दी पहने हुए दिखाई दिया, जहां शिकायतकर्ता गवाह सुरक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त थे. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि युवक ने चोरी-छुपे उनकी वर्दी पहनकर और सर्विस पिस्टल सामने रखकर वीडियो व रील तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया.

सोशल मीडिया पर प्रभाव बनाने के उद्देश्य से वीडियो बनाने का आरोप

पुलिस जवान ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक ने सोशल मीडिया पर प्रभाव और दबदबा बनाने के उद्देश्य से यह वीडियो और रील बनाई. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वर्दी और अन्य सामग्री तक आरोपित की पहुंच कैसे हुई.

अलमारी में रखी थी सर्विस पिस्टल

शिकायतकर्ता के अनुसार वह संतोष कुमार सिंह के जिस घर में गवाह सुरक्षा ड्यूटी के दौरान रहते थे, उसी घर में लकड़ी की अलमारी में सर्विस पिस्टल रखी जाती थी. उन्होंने बताया कि अलमारी में सर्विस पिस्टल रखने के लिए गृहस्वामी की ओर से कहा गया था. आवेदन के अनुसार अलमारी की चाबी शिकायतकर्ता के अलावा गृहस्वामी के पास भी पहले से थी. आरोपित युवक गृहस्वामी संतोष कुमार सिंह का रिश्तेदार बताया गया है और वह उनकी गाड़ी भी चलाता है.

नवादा के युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सूर्यगढ़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार युवक की पहचान नवादा जिले के रूपी थाना क्षेत्र के चहल गांव निवासी स्वर्गीय राकेश कुमार रंजन के पुत्र के रूप में की गयी है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की आगे की जांच में जुटी है. मामले में वर्दी के इस्तेमाल और सर्विस पिस्टल तक पहुंच समेत अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन