बदल गया बांका-राजेंद्रनगर ट्रेन का समय, भागलपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस को मिलेगा सुपरफास्ट का दर्जा; जानें नया शेड्यूल
फोटो- सांकेतिक तस्वीर | Prabhat Khabar Network
लखीसराय के रेल यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. हावड़ा-राजगीर एक्सप्रेस में एसी टू-टियर कोच जोड़ने और बांका-राजेंद्रनगर ट्रेन के समय में 10 मिनट का सुधार किया जाएगा. भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस को सुपरफास्ट का दर्जा देने पर भी चर्चा हुई.
लखीसराय. रेल यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक इंदु दूबे से मुलाकात की. इस दौरान भागलपुर, जमालपुर, किऊल, बांका समेत आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं और विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई.
आपके शहर में
भागलपुर-जमालपुर-पटना कनेक्टिविटी पर हुई चर्चा
बैठक में भागलपुर, जमालपुर और पटना के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा की गई. यात्रियों की सुविधा से जुड़ी विभिन्न मांगों पर आवश्यक पहल करने की बात कही गई.
हावड़ा-राजगीर एक्सप्रेस में एसी टू-टियर कोच जोड़ने की सहमति
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 03029/03030 हावड़ा-राजगीर नटेसर एक्सप्रेस में तत्काल प्रभाव से एक एसी टू-टियर कोच जोड़ने पर सहमति बनी. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है.
बांका-राजेंद्रनगर ट्रेन के समय में होगा 10 मिनट का सुधार
बांका-राजेंद्रनगर ट्रेन के राजेंद्रनगर पहुंचने के समय में भी सुधार की बात कही गई है. वर्तमान में ट्रेन के 3:55 बजे पहुंचने के स्थान पर अब 3:45 बजे पहुंचने की जानकारी दी गई. समय में 10 मिनट के इस बदलाव से यात्रियों को आगे की कनेक्टिंग ट्रेनें पकड़ने में सहूलियत हो सकती है.
जमालपुर-पटना इंटरसिटी और अमृत भारत एक्सप्रेस का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान जमालपुर-पटना सुपरफास्ट इंटरसिटी के परिचालन को लेकर भी चर्चा हुई. इसके अलावा भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस को सुपरफास्ट का दर्जा देने के लिए आवश्यक कार्रवाई के मुद्दे पर भी वार्ता की गई.
किऊल में वाराणसी-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
लखीसराय जिले के रेल यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मांग वाराणसी-सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस का किऊल जंक्शन पर ठहराव है. इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने की बात कही गई है. किऊल में इस ट्रेन का ठहराव मिलने पर पीरीबाजार, लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वाराणसी, सियालदह समेत अन्य महत्वपूर्ण शहरों तक यात्रा करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
कई जिलों के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद
इन प्रस्तावों पर आगे पहल होने से भागलपुर, जमालपुर, बांका, किऊल, लखीसराय और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में रेल यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. इस पहल के लिए क्षेत्र के लोगों ने पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के प्रति आभार जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए