लखीसराय में सुबह की ठंडी हवा के बाद दोपहर में बरसेगी आग, 41 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

Lakhisarai Weather Alert
Lakhisarai Weather Alert: लखीसराय में सुबह मिली हल्की राहत लेकिन दोपहर में लू का डबल अटैक. मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की दी सलाह
Lakhisarai Weather Alert: लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट. लखीसराय में रविवार सुबह हल्की हवा और बादलों की मौजूदगी ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम फिर से बेहद तपिश भरा होने वाला है. सुबह के समय चली ठंडी हवाओं से लोगों ने राहत महसूस की, मगर दोपहर तक प्रचंड गर्मी और तेज धूप का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
सुबह राहत, दोपहर में शुरू होगा हीट अटैक
रविवार सुबह आसमान में हल्के बादल नजर आए और हवा के झोंकों ने मौसम को कुछ देर के लिए सुहावना बना दिया. लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ेगा, वैसे-वैसे गर्मी का असर भी तेज होता जाएगा. दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दोपहर के बाद शाम तक हल्की धुंध छाने की संभावना भी है. वहीं शाम के समय आसमान में बादल बने रह सकते हैं, लेकिन इससे गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
दोपहर 12 से 4 बजे तक सबसे ज्यादा खतरा
भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान लू चल सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन, चक्कर, सिरदर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
डॉक्टरों का कहना है कि लगातार पड़ रही गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.
खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, ग्लूकोज, जूस और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है. साथ ही हल्का और पौष्टिक भोजन खाने को कहा गया है ताकि शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी न हो. धूप में निकलते समय सिर ढंककर रखने और छाता या गमछे का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










