लखीसराय में किऊल नदी में डूबने से 27 वर्षीय युवक की मौत, रातभर चली खोजबीन के बाद मिला शव
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 20 May 2026 10:45 AM
Lakhisarai Tragedy
Lakhisarai Tragedy: बहन के घर आया युवक किऊल नदी में डूबा, देर रात जाल डालकर निकाला गया शव
Lakhisarai Tragedy: सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट — लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र में किऊल नदी में डूबने से 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान मानिकपुर निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है. युवक अपनी बहन के घर आया हुआ था और मंगलवार दोपहर से लापता था. देर रात स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से नदी से शव बरामद किया गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
बहन के घर आया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक आदित्य कुमार अपनी बहन के घर जगदीशपुर गांव आया हुआ था. उसकी बहन की शादी गांव निवासी अरविंद महतो से हुई है. मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद से आदित्य अचानक लापता हो गया था.
परिजनों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो अनहोनी की आशंका गहराने लगी. बाद में शक हुआ कि युवक नदी की ओर गया था.
देर रात नदी से निकाला गया शव
परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किऊल नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया. मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे जाल डालकर नदी से युवक का शव बाहर निकाला गया.
पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
स्नान के दौरान डूबने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि युवक स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया. बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था, जिसके कारण वह नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया.
घटना के बाद मृतक के घर और गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है, खासकर बारिश और गर्मी के मौसम में नदी में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










