लखीसराय में करोड़ों की जमीन को लेकर विवाद, भू-माफिया की एंट्री से बढ़ी चिंता

Updated:
विज्ञापन

बालगुदर स्थित डिस्टल वाटर प्लांट के समीप विवादित 42 एकड़ भूमि का क्षेत्र

Lakhisarai Land Dispute: जानकारी के अनुसार विवादित 42 एकड़ भूमि के छह हिस्सेदार हैं. जमीन मालिक प्रिय रंजन जायसवाल एवं शशि रंजन जायसवाल ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट:

Lakhisarai Land Dispute: टाउन थाना क्षेत्र के बालगुदर स्थित हरुहर नदी किनारे डिस्टल वाटर प्लांट के खंडहर के आसपास फैली 42 एकड़ जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. जमीन के स्वामित्व और हिस्सेदारी को लेकर चल रहे विवाद में भू-माफिया एवं कथित गैंगस्टर तत्वों के हस्तक्षेप की बात सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल है और संभावित संघर्ष की आशंका जताई जा रही है.

छह हिस्सेदारों के बीच है जमीन

जानकारी के अनुसार विवादित 42 एकड़ भूमि के छह हिस्सेदार हैं. जमीन मालिक प्रिय रंजन जायसवाल एवं शशि रंजन जायसवाल ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है.

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि एक हिस्सेदार लक्ष्मी नारायण जायसवाल के पुत्र स्वर्गीय शिवनारायण जायसवाल के वारिसों को जानकारी मिली है कि सह-हिस्सेदार जगत नारायण जायसवाल, प्रदीप जायसवाल और प्रवीण जायसवाल बिना विधिवत बंटवारा कराए जमीन की बिक्री की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए कथित रूप से मिट्टी भराई और भूमि समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा है.

अवैध कब्जे और संरचना परिवर्तन की आशंका

आवेदनकर्ताओं का आरोप है कि भूमि पर चल रही गतिविधियों से अवैध कब्जे का खतरा बढ़ गया है. साथ ही जमीन की भौगोलिक संरचना में भी बदलाव किया जा रहा है. बालगुदर और नीरपुर मौजा में दर्ज विभिन्न खसरा नंबरों में फैली इस भूमि को लेकर सभी हिस्सेदारों के बीच अधिकार और स्वामित्व का विवाद बना हुआ है.

प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

आवेदन में कहा गया है कि यदि निर्माण कार्य और अन्य गतिविधियों पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो अन्य वैध हिस्सेदारों के अधिकारों को अपूरणीय क्षति पहुंच सकती है. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों की मिलीभगत से भू-माफिया और असामाजिक तत्व जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं.

खूनी संघर्ष की जताई आशंका

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन को आगाह किया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जमीन विवाद को लेकर गंभीर टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. उन्होंने आशंका जताई है कि विभिन्न पक्षों के आमने-सामने आने पर हिंसक संघर्ष की नौबत भी आ सकती है.

डीसीएलआर ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीसीएलआर राहुल कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रोका जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद सभी संबंधित जमीन मालिकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन की ओर से मामले पर नजर रखी जा रही है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की तैयारी की जा रही है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन