सखी वार्ता में बाल विवाह के खिलाफ महिलाओं ने लिया संकल्प

Updated:
विज्ञापन

लोगों को शपथ दिखातीं मुखिया व अन्य | Prabhat Khabar Network

लखीसराय में आयोजित 'सखी वार्ता' कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर ज़ोर दिया गया. बाल विवाह को रोकने और महिला सुरक्षा को लेकर उन्हें जागरूक किया गया.

विज्ञापन

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में रामगढ़ चौक प्रखंड की नोनगढ़ पंचायत स्थित महादलित टोला आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 66 पर सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया जूली देवी ने की. कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ बाल विवाह रोकने एवं महिला सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया.

सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

कार्यक्रम का संचालन कर रहे हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि सखी वार्ता का उद्देश्य महिलाओं को उनके लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है. साथ ही पात्र एवं वंचित लाभुकों को संबंधित विभागों से समन्वय कर योजनाओं का लाभ दिलाना है.

मुखिया जूली देवी ने कहा कि जागरूकता ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है. बाल विवाह को समाज के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए उन्होंने इसके पूर्ण बहिष्कार की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं विकसित समाज के निर्माण के लिए बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है.

महिला सुरक्षा और सहायता योजनाओं की दी जानकारी

लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं बाल विवाह प्रतिषेध कानून की जानकारी दी. वहीं शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने बताया कि मानव तस्करी की शिकार, बेघर या भूली-भटकी महिलाओं के लिए शक्ति सदन संचालित किया जा रहा है. यहां महिलाओं को निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाती है.

बाल विवाह के खिलाफ लिया सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर मुखिया जूली देवी की अगुवाई में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली. साथ ही हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी देते हुए लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गयी.

मौके पर आंगनबाड़ी सेविका अनीता देवी, शांति देवी सहित कई सेविकाएं, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद थीं.


विज्ञापन
राजेश कुमार

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन