हलसी में ज्ञान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा, 8.51 लाख रुपये की शुद्ध बचत
फोटो- कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करती अतिथि गण | Prabhat Khabar Network
हलसी में ज्ञान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा में 41 ग्राम संगठनों की जीविका दीदियों ने भाग लिया. बैठक में बीते वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा की गई, जिसमें समिति ने 8.51 लाख रुपये की शुद्ध बचत दर्ज की. स्वरोजगार और नियमित बचत को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.
Lakhisarai JEEViKA Meeting: हलसी (लखीसराय). प्रखंड मुख्यालय स्थित आंबेडकर भवन में बुधवार को ज्ञान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनिता कुमारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) धर्मवीर कुमार ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
41 ग्राम संगठनों की जीविका दीदियों ने लिया भाग
आमसभा में समिति के निदेशक मंडल की 12 सदस्याओं के साथ 41 ग्राम संगठनों की जीविका दीदियों ने भाग लिया. इस दौरान समिति के वार्षिक कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और बीते वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा की गई.
8.51 लाख रुपये की हुई शुद्ध बचत
समिति की ओर से प्रस्तुत वित्तीय प्रतिवेदन के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में कुल वार्षिक आय 41 लाख 94 हजार 770 रुपये रही, जबकि कुल व्यय 33 लाख 42 हजार 791 रुपये हुआ. इस प्रकार समिति को 8 लाख 51 हजार 979 रुपये की शुद्ध बचत हुई.
अतिथियों का किया गया सम्मान
समिति की अध्यक्ष रीना कुमारी, सचिव विनीता कुमारी तथा लेखापाल किरण कुमारी ने जिला परियोजना प्रबंधक अनिता कुमारी और प्रखंड परियोजना प्रबंधक धर्मवीर कुमार को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया.
स्वरोजगार और बचत पर दिया गया जोर
अपने संबोधन में डीपीएम अनिता कुमारी ने जीविका दीदियों से समूह आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, नियमित बचत करने और सामूहिक स्वरोजगार अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए समूह की एकता, अनुशासन और बचत सबसे बड़ी ताकत है.
आगामी कार्ययोजना पर हुई चर्चा
Lakhisarai JEEViKA Meeting: आमसभा में समिति की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम में सामुदायिक समन्वयक शीतल कुमारी, निलेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक धर्मवीर कुमार राय सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










