लखीसराय के हलसी में बुलडोजर का असर, 205 लोगों को नोटिस के बाद खुद हटने लगे कब्जे

Updated:
विज्ञापन
लखीसराय के हलसी में बुलडोजर का असर, 205 लोगों को नोटिस के बाद खुद हटने लगे कब्जे

Lakhisari News : लखीसराय-सिकंदरा मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. 205 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी होने के बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से सरकारी जमीन खाली करनी शुरू कर दी है.

विज्ञापन

हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट

Lakhisari News : प्रखंड मुख्यालय से गुजरने वाली लखीसराय-सिकंदरा मुख्य सड़क के किनारे वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए लोगों पर अब प्रशासन का शिकंजा कसने लगा है. अंचल प्रशासन द्वारा 205 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. कार्रवाई के डर से कई लोगों ने स्वयं ही अपने अवैध निर्माण हटाने शुरू कर दिए हैं.

नोटिस का दिखने लगा असर

अंचल प्रशासन की कार्रवाई का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है. नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने गुमटी, झोपड़ी और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाना शुरू कर दिया है. प्रशासनिक दबाव के कारण दर्जनों अतिक्रमणकारियों ने बिना किसी कार्रवाई का इंतजार किए स्वयं ही कब्जा हटाकर राहत की सांस ली है.

सड़क की चौड़ाई घटने से बढ़ रही थी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर वर्षों से अतिक्रमण बढ़ता जा रहा था. सड़क किनारे दुकानें, गुमटियां और अन्य निर्माण होने से सड़क संकरी हो गई थी. इसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी. आम लोगों को भी आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

205 लोगों को जारी किया गया नोटिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय ने अभियान शुरू करते हुए 205 लोगों को नोटिस जारी किया. नोटिस में निर्धारित समय के भीतर सरकारी जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता में शामिल है.

नहीं हटाया कब्जा तो चलेगा बुलडोजर

अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाया जाएगा. साथ ही संबंधित लोगों से जुर्माना भी वसूला जाएगा.

प्रशासन ने मांगा लोगों का सहयोग

सीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन का सहयोग करें और स्वयं अतिक्रमण हटाकर कानूनी कार्रवाई से बचें. उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा.

कार्रवाई का लोगों ने किया स्वागत

प्रशासन की सख्ती से जहां अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी. लोगों को उम्मीद है कि अतिक्रमण हटने के बाद आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन