सरस्वती पूजा को लेकर जमकर हुई खरीदारी, बाजार में दिखी रौनक

मां सरस्वती का जयकारा लगाते हुए प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाते दिखे श्रद्धालु
किशनगंज. विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा को लेकर किशनगंज के बाजारों और गली-मोहल्लों में जबरदस्त उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है. शुक्रवार को होने वाली पूजा के लिए मां सरस्वती का पूजा पंडाल पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गया है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भव्य पंडालों की सजावट और लाइटिंग देखते ही बन रही है.
बाजारों में उमड़ी भारी भीड़
गुरुवार को पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी. शहर के मुख्य बाजार समेत ग्रामीण इलाकों में मूर्ति, पुष्प, माला, अगरबत्ती, दीप, फल-मिठाई व अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खासी चहल-पहल रही. खासकर बच्चों और युवाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. दुकानदारों के अनुसार, इस बार कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और महंगाई का असर खरीदारी पर बिल्कुल नहीं दिखा.
पूजा पंडालों में तैयारियों को दिया अंतिम रूप
पूजा समितियों की ओर से पंडालों में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है. गुरुवार को दिन भर पंडालों में सजावट का काम चलता रहा और देर शाम तक मां सरस्वती के स्वागत के लिए पंडाल पूरी तरह तैयार हो चुके थे. मूर्तिकारों के यहां प्रतिमा लेने के लिए पूजा आयोजकों की भीड़ देखी गयी. भक्त जय मां सरस्वती का जयकारा लगाते हुए प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाते दिखे.
प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क
सुरक्षा व व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




