सुहिया हाट से पंचायत सरकार भवन तक की सड़क बदहाल, बरसात में बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें

बदहाल सड़क | Prabhat Khabar Network
जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत की सुहिया हाट से पंचायत सरकार भवन तक जाने वाली कच्ची सड़क वर्षों से जर्जर हालत में है. बरसात में कीचड़ और जलजमाव से ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
किशनगंज : जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत सुहिया हाट से पंचायत सरकार भवन तक जाने वाली कच्ची सड़क वर्षों से जर्जर स्थिति में है. बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ और जलजमाव से पूरी तरह बदहाल हो जाती है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क के पश्चिमी छोर पर पंचायत सरकार भवन, पांच उत्क्रमित मध्य विद्यालय तथा प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय घनीफुलसरा स्थित हैं, जबकि पूर्वी छोर पर सुहिया हाट, पैक्स गोदाम तथा प्रखंड एवं जिला मुख्यालय जाने का मुख्य संपर्क मार्ग है. सड़क की बदहाली के कारण विद्यार्थियों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है. बारिश के दौरान कीचड़ और फिसलन से छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ जाती है.
कई बार दिया आवेदन, नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय ग्रामीण गणेश पासवान, हरिमोहन ठाकुर, विनोद ऋषिदेव, सुंदर माझी, महेश शर्मा, प्रेमलाल मंडल, अशोक ऋषिदेव, नसीब लाल मंडल, शंकर पासवान और खुशी लाल मंडल सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद, विधायक और जिला पदाधिकारी को कई बार आवेदन दिया जा चुका है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में भी सड़क निर्माण की मांग संबंधी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक न तो सर्वे कराया गया और न ही निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कोई कार्रवाई हुई.
सड़क निर्माण की उठाई मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क का निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यह मार्ग पंचायत के हजारों लोगों की जीवनरेखा है. यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया, तो बरसात के मौसम में आवागमन और शिक्षा व्यवस्था दोनों गंभीर रूप से प्रभावित होती रहेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










