सरस्वती पूजा आज, दिख रहा उत्साह

कई स्थानों पर आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल का कराया गया है निर्माण
पौआखाली. बसंत पंचमी के पावन दिन शुक्रवार को संपूर्ण पौआखाली नगर में विद्या, ज्ञान, कला और वाणी की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना होगी. इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है. एक दिन पूर्व से ही नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक पूजा पंडालों में तैयारियां जोर शोर से जारी थी. नगर में कई स्थानों पर आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है. सरस्वती पूजा को लेकर नगर के विभिन्न पूजा पंडालों, शैक्षणिक संस्थानों और घरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है. बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर पौआखाली नगर के बाजार और उसके आसपास रसिया, कादोगांव, ताराबाड़ी, पांचगाछी, सरायकुड़ी, खारुदह, खानाबाड़ी, जियापोखर इत्यादि स्थानों में शुक्रवार को दिनभर काफी चहल-पहल रहेगी. इधर बाजारों में पूजा के लिए फल-फूल से लेकर पीले वस्त्रों की जमकर खरीदारी हुई. शिक्षण संस्थानों के छात्र छात्राओं में विशेष उत्साह है. नगर के प्रमुख स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पूजा आराधना की विशेष तैयारी है. छात्र-छात्राएं मिलकर मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर विद्या, कला और वाणी की देवी का आशीर्वाद मागेंगे. कई स्थानों पर पूजा के बाद भजन-कीर्तन और बच्चों द्वारा ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा. वहीं कई परिवारों में छोटे बच्चों की शिक्षा की शुरुआत यानी अक्षर ज्ञान कराया जाएगा. इसे बेहद शुभ माना जाता है. नगर के प्रमुख पूजा समिति वीणापाणि संघ, बालक संघ और विद्या प्रदायिनी संघ के सदस्य सचिन साह, राजा साह, धनंजय सिंह, प्रतीम सिन्हा, कुणाल सिन्हा, सोनू राय ने बताया कि इस वर्ष सुरक्षा व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है. शाम को आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




