छत्तरगाछ बस स्टैंड में शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी

Published at :24 Apr 2026 8:39 PM (IST)
विज्ञापन
छत्तरगाछ बस स्टैंड में शौचालय की सुविधा नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी

गलगलिया से किशनगंज तक चलने वाली बसों का यह एक महत्वपूर्ण मध्य पड़ाव है, जहां से यात्री किशनगंज और ठाकुरगंज जाने के लिए बस पकड़ते हैं.

विज्ञापन

पोठिया पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ बस पड़ाव पर वर्षों से शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र का यह प्रमुख पड़ाव होने के बावजूद बुनियादी सुविधा का अभाव लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है. बताया जाता है कि छत्तरगाछ बाजार जिले के सबसे अधिक राजस्व देने वाले बाजारों में गिना जाता है. गलगलिया से किशनगंज तक चलने वाली बसों का यह एक महत्वपूर्ण मध्य पड़ाव है, जहां से यात्री किशनगंज और ठाकुरगंज जाने के लिए बस पकड़ते हैं. इसके बावजूद यहां शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है. बस पड़ाव पर बस रुकने के दौरान यात्रियों को शौचालय के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है. विशेषकर महिलाओं को काफी असुविधा होती है और उन्हें मजबूरी में आसपास के घरों का सहारा लेना पड़ता है, जबकि पुरुष खुले में शौच करने को विवश होते हैं. वाहन चालक मो सफीकुल ने बताया कि बस यहां नियमित रूप से रुकती है और यात्री शौचालय की तलाश करते हैं, लेकिन उन्हें कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती. वहीं बस स्टैंड किरानी इस्लाम अंसारी, दुकानदार नूर हुसैन, कलीम अंसारी, नईम अंसारी और मो मुस्तफा ने बताया कि हर दिन दर्जनों यात्री शौचालय की समस्या से जूझते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक शौचालय का निर्माण हुआ जरूर है, लेकिन वह बस पड़ाव से काफी दूर मंदिर रोड में स्थित है और अधिकांश समय बंद रहता है. ऐसे में यात्री वहां जाने से भी कतराते हैं, क्योंकि उन्हें बस छूटने का डर बना रहता है. स्थानीय ग्रामीणों, वाहन चालकों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बस पड़ाव के समीप ही एक सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन