कब्रिस्तान पर ट्रैक्टर चलाने से लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
Updated at : 31 Mar 2026 6:52 PM (IST)
विज्ञापन

शाहनवाज व अजमल नामक दो लोगों ने कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर कब्रिस्तान में ट्रैक्टर से जुताई कर दिया.
विज्ञापन
पहाड़कट्टा
पोठिया प्रखंड के कोल्था पंचायत अंतर्गत कटहलबाड़ी कब्रिस्तान की जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर देने का मामला मंगलवार को सामने आया है. जुताई से दर्जनों कब्रों क्षतिग्रस्त हुई है. इस घटना से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है. कब्रिस्तान दशकों पुराना बताया जा रहा है. पोठिया थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी व गुवाबाड़ी गांव के समीप सोमवार को अज्ञात लोगों के द्वारा अचानक दो ट्रैक्टरों से कब्रिस्तान की जुताई कर दी गयी थी. मंगलवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली. जिसके बाद कोल्था मुखिया अब्दुल तौवाब व भोटाथाना मुखिया मो मरगूब आलम बड़ी संख्या में लोगों के साथ कब्रिस्तान पहुंचे. जहां दृश्य देख सभी के पाव तले जमीन खिसक गई और लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे. स्थानीय मुखिया अब्दुल तौवाब ने बताया कि इस कब्रिस्तान में भोटाथाना, कोल्था, महसूल, गुवाबाड़ी, खानका, कुशियारबाड़ी, सिमलबाड़ी सहित कई गांवों के लोग अपने पूर्वजों को यहां दफन किया है. उनका आरोप है कि सोमवार को शाहनवाज व अजमल नामक दो लोगों ने कुछ अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर कब्रिस्तान में ट्रैक्टर से जुताई कर दिया. उन्होंने कहा कि यहां हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ पूर्वज के जमाने से रहते आ रहे है. उन्होंने कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा करने और कब्रों को नुकसान पहुंचाने के मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. भोटाथाना पंचायत के मुखिया मो मरगूब आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि कब्रिस्तान की यह भूमि पोठिया अंचल अंतर्गत मौजा महसूल का खाता संख्या-192 खेसरा-107/82 और मौजा कोल्था का खाता संख्या-666 (2003) सरकारी अभिलेख में कब्रिस्तान के नाम दर्ज है. इसका उपयोग दो पंचायत के लोग कई पीढ़ियों से करते आ रहे है. उन्होंने कहा कि कब्रों के स्पष्ट निशान होने के बावजूद ऐसी घटना कारित करना बेहद चिंताजनक है. स्थानीय ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस दिशा में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. मुखिया मो मरगूब आलम ने बताया कि डीएम व एसपी से मिलकर मामले में ज्ञापण सौंपा जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जायेगी.क्या कहते है बीडीओ
बीडीओ सह प्रभारी सीओ मो आसिफ ने बताया कि मामले की सूचना मिली है. आवेदन मिलते ही जांच कर त्वरित कार्रवाई की जायेगी. जो भी दोषी होंगे उनपर कठोर कार्रवाई की जाएगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




