जीरानगच्छ टोल प्लाजा की दरों में भी की गई बढ़ोतरी

हल्के व्यावसायिक वाहनों और मिनी बसों के लिए यह शुल्क 145 रुपये (सिंगल) और 220 रुपये (रिटर्न) कर दिया गया है.
ठाकुरगंज 1 अप्रैल से एनएच पर सफ़र महंगा होने जा रहा है. गलगलिया–बहादुरगंज एनएच-327ई पर स्थित जीरानगच्छ टोल प्लाजा की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है. नई दरें 1 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि से लागू होंगी. नई दरों के अनुसार कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों के लिए एकल यात्रा का शुल्क 90 रुपये और एक दिन के भीतर वापसी के लिए 135 रुपये तय किया गया है. मासिक पास 3005 रुपये रखा गया है. हल्के व्यावसायिक वाहनों और मिनी बसों के लिए यह शुल्क 145 रुपये (सिंगल) और 220 रुपये (रिटर्न) कर दिया गया है. बस और दो एक्सल वाले ट्रकों को अब 305 रुपये एक तरफ और 455 रुपये रिटर्न के लिए चुकाने होंगे. तीन एक्सल से लेकर भारी मल्टी-एक्सल वाहनों तक सभी श्रेणियों में दरें बढ़ाई गई हैं. चार से छह एक्सल वाले वाहनों के लिए 480 रुपये और सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज़ वाहनों के लिए 580 रुपये प्रति यात्रा निर्धारित किया गया है. यानी सड़क वही, गड्ढे वही, लेकिन टोल की पर्ची हर साल नई कहानी लिख रही है. हालांकि स्थानीय लोगों को राहत देते हुए टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए मासिक पास 350 रुपये तय किया गया है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह राहत भी उतनी ही है, जितनी गर्मी में ठंडी हवा का वादा महसूस कम, सुनाई ज्यादा देता है. वहीं एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि दरों का निर्धारण तय नियमों के तहत किया गया है, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या सड़क की गुणवत्ता और सुविधाएं भी उसी अनुपात में सुधरी हैं. स्थानीय स्तर पर इस निर्णय को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, जहां एक ओर लोग बढ़ती लागत पर चिंता जता रहे हैं. वहीं स्थानीय पास में दी गई छूट को राहत के रूप में देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




