खगड़िया के मोरकाही थाना हंगामा मामले में 29 नामजद व 200 अज्ञात पर प्राथमिकी, गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज

Updated:
विज्ञापन
खगड़िया के मोरकाही थाना हंगामा मामले में 29 नामजद व 200 अज्ञात पर प्राथमिकी, गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज

घटना की फाइल फोटो

Khagaria news: पुलिस के अनुसार 29 मई को गिरफ्तार किए गए सबलपुर निवासी सौरभ कुमार पुलिस हिरासत से फरार हो गए थे. बाद में भागने के दौरान मालती धार में डूबने से उनकी मौत हो गई थी. इसके बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सौरभ का शव लेकर मोरकाही थाना पहुंचे, जहां हंगामा और विरोध प्रदर्शन हुआ.

विज्ञापन

खगड़िया से राज किशोर सिंह की रिपोर्ट:

Khagaria news: मोरकाही थाना परिसर में 30 मई की देर रात हुए हंगामा, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ कथित हाथापाई के मामले में पुलिस ने 29 नामजद एवं करीब 200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस के अनुसार 29 मई को गिरफ्तार किए गए सबलपुर निवासी सौरभ कुमार पुलिस हिरासत से फरार हो गए थे. बाद में भागने के दौरान मालती धार में डूबने से उनकी मौत हो गई थी. इसके बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सौरभ का शव लेकर मोरकाही थाना पहुंचे, जहां हंगामा और विरोध प्रदर्शन हुआ.

प्राथमिकी के अनुसार आक्रोशित भीड़ ने थाना परिसर में प्रवेश कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. आरोप है कि वायरलेस सेट, कंप्यूटर तथा अन्य अभिलेखों को क्षतिग्रस्त किया गया. साथ ही हाजत में बंद एक अन्य आरोपित को छुड़ाने का प्रयास भी किया गया.

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान थानाध्यक्ष अन्तिमा कुमारी के साथ धक्का-मुक्की की गई तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सुरक्षा उपाय अपनाए और हालात को नियंत्रित किया.

मोरकाही थानाध्यक्ष अन्तिमा कुमारी ने बताया कि घटना को लेकर 29 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही अन्य अज्ञात व्यक्तियों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर मोरकाही थाना क्षेत्र और संबंधित गांवों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो.

स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में अभी भी तनाव का माहौल है, हालांकि प्रशासन ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन