खगड़िया के दियारा में चल रही 4 मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद

Updated:
विज्ञापन
फोटो.13केप्सन. भानु प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक  | Prabhat Khabar Network

भानु प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक | Prabhat Khabar Network

बिहार के खगड़िया जिले के दियारा क्षेत्र से अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 मिनीगन फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया, जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोग गिरफ्तार हुए हैं.

विज्ञापन

Khagaria News: खगड़िया जिले के दियारा क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. एसटीएफ और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगली मंडल टोला स्थित चार मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से देशी कट्टा बनाने में उपयोग होने वाले बड़ी मात्रा में उपकरण, बैरल, बेस, मशीनें और अन्य सामग्री बरामद की गई है.

पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि अवैध अग्नेयास्त्र निर्माण और तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. दियारा क्षेत्र में चल रही इन मिनीगन फैक्ट्रियों का खुलासा उसी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता है.

जंगली मंडल टोला में चल रही थी अवैध हथियार निर्माण इकाई

पुलिस के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जंगली मंडल टोला, करारी वार्ड संख्या 13 में चार अलग-अलग घरों में मिनीगन फैक्ट्री संचालित की जा रही थी. एसटीएफ, डीआईयू और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम मंडल और सिंटू मंडल उर्फ संटू मंडल के रूप में हुई है. इसके अलावा फैक्ट्री संचालन में शामिल दो महिलाओं रुक्मणि देवी और बिजली कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया है.

भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देशी कट्टा निर्माण में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की. बरामद सामान में देशी कट्टा के बेस, बैरल, बेस मशीन, हैंड ड्रिल मशीन, रेल पटरी के टुकड़े, हसुआ, इजेक्टर, ट्रिगर, डाई मशीन, हथौड़ी, ग्राइंडर मशीन, ग्राइंडर ब्लेड, गोली का खोखा, बसूला, सदसी, खंती सहित कई अन्य उपकरण शामिल हैं.

पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री से यह संकेत मिलता है कि यहां लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण का काम चल रहा था.

तस्करी नेटवर्क की भी जांच शुरू

एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि तैयार हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे. पुलिस अवैध हथियार तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

अलग कार्रवाई में 144 कारतूस और नकदी बरामद

प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने एक अन्य कार्रवाई की भी जानकारी दी. गंगौर थाना क्षेत्र के दाढ़ीमोड़ के समीप राहुल कुमार के पास से 29 कारतूस तथा जलकौड़ा निवासी मो. जफर आलम के घर से 115 कारतूस बरामद किए गए.

इस कार्रवाई में एक बाइक और 95,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए. पुलिस ने राहुल कुमार और मो. जफर आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस संबंध में गंगौर थाना में कांड संख्या 111/28 दर्ज किया गया है.

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पूरे अभियान में मुफ्फसिल थाना, एसटीएफ, डीआईयू और अन्य विशेष इकाइयों की संयुक्त टीम शामिल थी. जंगली मंडल टोला में हुई छापेमारी में थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सोनाली कुमारी, डीआईयू और एसटीएफ के जवान शामिल रहे.

वहीं कारतूस बरामदगी मामले में गंगौर थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ (एसओजी-03) की टीम ने कार्रवाई की.

Khagaria News: दियारा क्षेत्र में अवैध हथियार नेटवर्क पर बड़ी चोट

स्थानीय लोगों के अनुसार दियारा क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई लंबे समय बाद देखने को मिली है. पुलिस का मानना है कि मिनीगन फैक्ट्री के भंडाफोड़ से अवैध हथियार आपूर्ति श्रृंखला को बड़ा झटका लगा है और इससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

Also Read: नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के प्रशांत किशोर, जक्कनपुर थाना पहुंचे; बोले- सरकार बताए हमारे लोग कहां हैं

Also Read: बेऊर जेल से बाहर आते ही गरजे माले विधायक संदीप सौरव, बोले-ये तो सिर्फ शुरुआत है, आगे इससे भी बड़ा आंदोलन होगा



विज्ञापन
राजकिशोर सिंह

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन