खगड़िया के जमालपुर बाजार में आज कई घंटे बंद रहेगी बिजली, बाजार में शुरू होगा नंगे केबल लगाने का काम

जमालपुर बाजार में आज चलेगा केबल वायरिंग अभियान
Khagaria News : अगर आप खगड़िया के जमालपुर बाजार में रहते हैं तो आज बिजली से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें. बिजली विभाग ने क्षेत्र में नंगे तार हटाकर केबल लगाने का काम शुरू करने का फैसला किया है, जिसके कारण कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी.
गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट
Khagaria News : गोगरी नगर परिषद क्षेत्र के जमालपुर बाजार में सोमवार को बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए बड़ा काम शुरू किया जा रहा है. टावर चौक से बायपास होते हुए पूरे जमालपुर बाजार तक 440 वोल्ट के पुराने नंगे तारों को हटाकर उनकी जगह कवरयुक्त केबल तार लगाए जाएंगे.
इस कार्य के चलते सोमवार को सुबह 10 बजे से लेकर काम पूरा होने तक जमालपुर बाजार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से पहले ही आवश्यक तैयारियां कर लेने की अपील की है.
सुरक्षा और सुविधा के लिए बदली जा रही लाइन
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार पुराने नंगे तारों की जगह केबल तार लगाने से बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित होगी. साथ ही बारिश, आंधी और पेड़ों की टहनियों के कारण होने वाली तकनीकी समस्याओं में भी कमी आएगी.
गोगरी विद्युत विभाग के जेई ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस परियोजना के तहत पहले चरण में रविवार को आवश्यक स्थानों पर नए पोल लगाने का कार्य पूरा किया गया. अब सोमवार को नंगे तार हटाकर केबल बिछाने का मुख्य काम किया जाएगा.
जमालपुर बाजार में ही रहेगा असर
विभाग के अनुसार शिरनियां पीएसएस के अंतर्गत आने वाले जमालपुर बाजार क्षेत्र में ही बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. अन्य इलाकों में सामान्य रूप से विद्युत आपूर्ति जारी रहेगी और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
उपभोक्ताओं से विभाग की अपील
बिजली विभाग ने जमालपुर बाजार के उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि बिजली कटौती शुरू होने से पहले मोबाइल, इन्वर्टर और अन्य जरूरी उपकरणों को चार्ज कर लें. साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठान और घरेलू उपभोक्ता अपने आवश्यक कार्य पहले ही पूरा कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
विभाग ने भरोसा दिलाया है कि कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










