खगड़िया में मक्का के खेत में काम करते समय किसान की मौत, लू ने छीन ली परिवार की खुशियां
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
Heatwave Tragedy: भीषण गर्मी और तेज लू के बीच खेत में काम कर रहे किसान की तबीयत अचानक बिगड़ी. अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.
मानसी (खगड़िया) से सतीश कुमार की रिपोर्ट
Heatwave Tragedy: खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का कहर एक किसान की जान ले गया. मक्का की खेती में जुटे किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
खेत में काम करते वक्त बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बेलदौर थाना क्षेत्र के अंधेर पनसलवा गांव वार्ड संख्या आठ निवासी 50 वर्षीय सिकंदर रजक रविवार को मक्का के खेत में काम करने गए थे. बताया जा रहा है कि कचरा भवन मखनाई बहियार में काम के दौरान तेज धूप और लू की चपेट में आने से उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई. खेत में मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई.
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सिकंदर रजक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया. हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. जैसे ही किसान की मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
भीषण गर्मी बनी जानलेवा
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भीषण गर्मी और तेज लू चल रही है. दोपहर के समय तापमान काफी बढ़ जाने से आम लोगों के साथ खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे मौसम में लंबे समय तक खुले आसमान के नीचे काम करना जोखिम भरा साबित हो रहा है.
मुआवजे की मांग तेज
किसान की मौत के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सिकंदर रजक परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार आर्थिक संकट में घिर गया है.
प्रदीप रजक, छोटू रजक समेत कई ग्रामीणों ने सरकार से मृतक किसान के आश्रितों को उचित मुआवजा और सहायता राशि देने की मांग की है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.
Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










