Bihar News: खगड़िया से आये वाहन चालक को गोली मार पशु व्यापारियों के 19 लाख लूटे, शाहपुर पशु हाट पर गाड़ी में सो रहा था चालक
Published by : Radheshyam Kushwaha Updated At : 27 Jan 2025 11:11 PM
Bihar Crime (सांकेतिक तस्वीर)
Bihar News: नवादा में अपराधियों ने एक वाहन चालक को गोली मारकर व्यापारियों के 19 लाख रुपये लूट लिए है. इसके बाद अपराधियों ने रुपयों को लेकर फायरिंग करते हुए फरार हो गये.
Bihar News: नवादा जिले के शाहपुर थाना से महज पांच सौ मीटर दूर पशु हाट पर अपराधियों ने व्यापारियों से 19 लाख रूप लूट लिये. इसके बाद सभी अपराधी फरार हो गये. जानकारी के अनुसार, एसएच-83 बाघीबरडीहा-बरबीघा पथ पर शाहपुर मोड़ स्थित पशु हाट पर सोमवार की सुबह खगड़िया से आये व्यापारी वाहन खड़ा कर चाय पीने के लिए चले गये. वहीं, चालक वाहन में ही सो रहा था. इस बीच लगभग चार की संख्या में आये अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दौरान खगड़िया जिले के बलेरो चालक मानसी निवासी मिथुन कुमार गोली लगने से जख्मी हो गया. इसके बाद अपराधियों ने गाड़ी का शिशा तोड़ कर रुपये से भरे बैग लेकर फायरिंग करते हुए फरार हो गये. पीड़ित व्यापारी सरवर अली ने बताया कि गाड़ी में व्यापारियों के लगभग 19 लाख रुपये रखे थे. इसमें कई अन्य व्यापारियों के रुपये थे. अपराधियों ने रुपयों को लेकर फायरिंग करते हुए फरार हो गये.
खगड़िया जिले का रहने वाला है घायल व्यक्ति
पीड़ित ने बताया कि खगड़िया से बलेरो चालक सहित पांच की संख्या में व्यापारी सुबह तीन बजे शाहपुर पशु हाट पहुंचे थे. चाय पानी कर पशु खरीदारी की तैयारी कर ही रहे थे. इसी बीच अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. लोगो कुछ समझ पाते, तब तक अपराधियों ने गाड़ी की शीशे तोड़कर रुपये के बैग लेकर फरार हो गये. गाड़ी के पास पहुंचने पर चालक जख्मी पड़ा था. उसके बांह में गोली लगी थी. जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए बौरी पीएचसी में भर्ती कराया. चिकित्स्कों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया. घायल 29 वर्षीय ड्राइवर मिथुन कुमार ने बताया कि शीशा बंद कर सो रहा था. इसी बिच दनादन गोलियां चलने लगी. गाड़ी का शीशा खंती से तोड़कर अपराधी 19 लाख रुपये लेकर फरार हो गये. शाहपुर थानाध्यक्ष धीरज कुमार सिंह दल बल के साथ पहुंचकर मामले की तहकीकात की. पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखे व एक कारतूस भी बरामद की है. इधर, एसडीपीओ पकरीबरावां महेश चौधरी ने थानाध्यक्ष के सहयोग से आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की.
एसपी ने घटना का लिया जायजा
जिले में लूट, छिनतई व चोरी की घटना को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान खुद पहुंचकर मामले की जांच करते हुए व्यापारियों से पूछताछ की. वहीं, संबंधित थानाध्यक्ष सहित एसडीपीओ को जांच की विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिया है. एसपी ने बताया कि एक वाहन से पशु व्यापारियों के 19 लाख रुपये लूट की वारदात हुई हैं. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है. वहीं, फायरिंग में एक व्यक्ति जख्मी हो गया हैं. वह खतरे से बाहर है. फिलहाल इलाजरत है.
पहले भी हुई है लूट की घटनाएं
पिछले तीन दिनों में जिले की विभिन्न हिस्से में तीन बड़ी लूट की घटना पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. 25 जनवरी को दिनदहाड़े कादिरगंज स्थित एसएच माया बिगहा के पास लूट की वारदात व पकरीबारवा में एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात की घटना की पुलिस जांच ही कर रही थी. तीसरी बड़ी वारदात जिले की पुलिस एक चुनौती दे दी है.
चार किलोमीटर के अंदर दो थाना, फिर भी नहीं धराये अपराधी
काशीचक शाहपुर हाट से शाहपुर थाने की दूरी महज तीन सौ मीटर है. वहीं, दूसरी ओर 3.5 किलोमीटर के अंदर ही शेखपुरा जिले का शेखुपुर सराय थाना है. लेकिन, अपराधी घटना को अंजाम देकर दोनों थाने की पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. हद तो यह कि इसकी भनक दोनों थानों की पुलिस को नहीं लगी. बताया जाता है कि जब अपराधी शेखोपुरसराय थाना के सामने से गुजर गया, तब शेखोपुरसराय पुलिस सक्रिय हुई. लेकिन, तब तक अपराधी पुलिस के पकड़ से दूर हो गये थे. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अगर पुलिस सतर्क रहती, तो अपराधी आसानी से शेखोपुरसराय पुलिस के गिरफ्त में आ सकते थे. तीन महीने के अंदर काशीचक में यह दूसरी बड़ी घटना शाहपुर चौक पर हुई है. इसके पूर्व पंजाब नेशनल बैंक शाखा शाहपुर में अपराधियों ने सुराख कर रुपये लूटने का प्रयास किया था. लेकिन, असफल रहने के कारण पैसे का लूट नहीं हो सका था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










