वत्र सावित्री पूजा आज, खरीदारी के लिए महिलाओं की बाजार में भीड़
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 15 May 2026 6:15 PM
वत्र सावित्री पूजा आज, खरीदारी के लिए महिलाओं की बाजार में भीड़
कोढ़ा कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी में वट सावित्री व्रत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. सुहागिन महिलाओं के इस महत्वपूर्ण पर्व के एक दिन पहले बाजार पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गया है. हर ओर रंग-बिरंगी दुकानों, पूजा सामग्री व महिलाओं की भीड़ से बाजार गुलजार नजर आ रहा है. वट सावित्री व्रत हिंदू धर्म में सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली के लिए निर्जला व्रत रखती हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, महिलाएं बरगद (वट) के पेड़ की पूजा करती हैं. कच्चा धागा बांधकर अपने वैवाहिक जीवन की मजबूती और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं. पर्व को लेकर गेड़ाबाड़ी बाजार में सुबह से ही खरीददारों की भीड़ उमड़ने लगी. महिलाएं पूजा के लिए आवश्यक सामग्री जैसे डालिया, बांस से बने पंखे, फल, मिठाई, साड़ी, चूड़ी, सिंदूर और अन्य श्रृंगार की वस्तुएं खरीदती नजर आयी. दुकानदारों ने भी ग्राहकों की सुविधा के लिए विशेष रूप से वट सावित्री व्रत से जुड़ी सामग्री की सजावट कर रखी है. बाजार में बांस के बने पंखे और पारंपरिक डालिया की खास मांग देखी जा रही है. इसके अलावा आम, केला, सेव सहित विभिन्न फलों की बिक्री भी बढ़ गई है. सुहागिन महिलाएं नए वस्त्र पहनकर, सोलह श्रृंगार कर पूजा की तैयारी में जुटी हैं. कई महिलाओं ने बताया कि वे हर साल पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ इस व्रत को करती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










