बारसोई में राशन कार्ड से नाम कटने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, पात्र लाभुकों का नाम जोड़ने की मांग
प्रदर्शन करते ग्रामीण.
Ration Card Protest : बारसोई में राशन कार्ड से नाम कटने के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन. प्रशासन से पात्र लाभुकों का नाम जल्द जोड़ने की मांग की गई है. पूरी खबर पढ़ें.
Ration Card Protest : कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड की मथुरापुर पंचायत में राशन कार्ड से नाम हटाए जाने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम के नेतृत्व में लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पात्र परिवारों का नाम दोबारा जोड़ने की मांग की.
आपके शहर में
राशन कार्ड से नाम कटने पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश
बारसोई प्रखंड की मथुरापुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 और 12 में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए. प्रदर्शन में शिवानंदपुर पंचायत के भी महिला-पुरुष शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में राशन कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर प्रशासन से पात्र लाभुकों का नाम तत्काल बहाल करने की मांग की.
'बिना कारण काट दिए गए नाम'
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन का लाभ ले रहे थे. बावजूद इसके हाल के दिनों में बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके नाम राशन कार्ड से हटा दिए गए. इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो गया है.
जिला परिषद सदस्य ने प्रशासन को दी चेतावनी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने कहा कि पात्र गरीब परिवारों का राशन कार्ड से नाम हटाना गंभीर लापरवाही है. उन्होंने प्रशासन से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर योग्य लाभुकों का नाम जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
विभाग ने आवेदन देने की दी सलाह
मामले पर एडीएसओ मनीष कुमार ने बताया कि विभाग का नया पोर्टल शुरू किया जा रहा है. जिन पात्र लाभुकों का नाम राशन कार्ड से हट गया है, वे संबंधित कार्यालय में आवेदन दें. आवेदन मिलने के बाद विभागीय जांच की जाएगी और पात्रता सही पाए जाने पर उनका नाम फिर से राशन कार्ड में जोड़ दिया जाएगा.
'कोई पात्र लाभुक वंचित नहीं रहेगा'
एडीएसओ ने भरोसा दिलाया कि किसी भी योग्य लाभुक को सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा. विभाग नियमानुसार सभी आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए