टीआर के अभाव में अटका था नामांकन, डीएस कॉलेज प्राचार्य खुद पूर्णिया से लाए टीआर, पीजी फोर्थ सेमेस्टर में प्रक्रिया शुरू

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 26 May 2026 9:43 AM

विज्ञापन

डीएस कॉलेज

PG Admission TR Issue: पूर्णिया विश्वविद्यालय की लेट-लतीफी के कारण पीजी फोर्थ सेमेस्टर के छात्र नामांकन के लिए दर-दर भटक रहे थे. छात्रों की इस बड़ी परेशानी को भांपकर डीएस कॉलेज के प्राचार्य ने जो किया, उसकी अब हर तरफ तारीफ हो रही है.

विज्ञापन

PG Admission TR Issue: कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट: पूर्णिया विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग की लचर और ढुलमुल व्यवस्था के कारण पीजी फोर्थ सेमेस्टर (सत्र 2024-26) में नामांकन के लिए छात्र-छात्राएं लगातार कॉलेज आकर बैरंग लौट रहे थे. विश्वविद्यालय से टीआर (Tabulation Register) नहीं मिलने से परेशान छात्रों की गंभीर समस्या को देखते हुए कटिहार के प्रतिष्ठित डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. प्रशांत कुमार ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है. वे खुद 25 मई को पूर्णिया विश्वविद्यालय पहुंचे और थर्ड सेमेस्टर का टीआर लेकर देर शाम कॉलेज लौटे, जिसके बाद आखिरकार नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो पाई.

दो बार बढ़ी अंतिम तिथि, फिर भी टीआर न मिलने से अटका था नामांकन

पूर्णिया विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने पहले पीजी फोर्थ सेमेस्टर में नामांकन की अंतिम तिथि 22 मई निर्धारित की थी, जिसे बाद में छात्रों की सहूलियत के लिए बढ़ाकर 26 मई 2026 कर दिया गया. विडंबना यह थी कि विश्वविद्यालय ने तिथि तो बढ़ा दी, लेकिन कॉलेजों को आधिकारिक टीआर ही नहीं भेजा था. इसके अभाव में छात्र-छात्राएं चाहकर भी नामांकन नहीं करा पा रहे थे और रोजाना तपती गर्मी में कॉलेज के चक्कर काटने को विवश थे.

प्राचार्य खुद विवि पहुंचे, परीक्षा विभाग को कराया दिक्कतों से अवगत

छात्रों के भविष्य और उनकी मानसिक परेशानी को देखते हुए डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. प्रशांत कुमार ने खुद कमान संभाली. वे 25 मई को स्वयं पूर्णिया विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचे और वहां परीक्षा नियंत्रक व संबंधित अधिकारियों को नामांकन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों से कड़े शब्दों में अवगत कराया. प्राचार्य के व्यक्तिगत प्रयास के बाद विभाग हरकत में आया और वे थर्ड सेमेस्टर का टीआर हस्तगत कर देर शाम डीएस कॉलेज लौटे.

26 मई है नामांकन की अंतिम तिथि, जानें कितना लगेगा शुल्क

विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, नामांकन की अंतिम तिथि आज यानी 26 मई 2026 ही है. नामांकन पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है. विवि द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के आलोक में शुल्क का विवरण इस प्रकार है:

  • प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) विषय वाले छात्रों के लिए: ₹2560 शुल्क निर्धारित है.
  • बिना प्रायोगिक (नॉन-प्रैक्टिकल) विषय वाले छात्रों के लिए: ₹2060 शुल्क तय किया गया है.
  • निःशुल्क नामांकन: नियम के मुताबिक एससी (SC), एसटी (ST) एवं सभी वर्ग की छात्राओं (महिला वर्ग) से कोई नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा, उनका एडमिशन पूरी तरह निःशुल्क होगा.

विभाग से सत्यापित कराएं फॉर्म, चालान से जमा होगा फंड

डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. प्रशांत कुमार ने सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि सभी छात्र-छात्राएं ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने से पहले अपने-अपने संबंधित पीजी विभागों से नामांकन फॉर्म को अनिवार्य रूप से सत्यापित (वेरिफाई) करा लें. छात्रों को चालान फॉर्म संबंधित काउंटर से प्राप्त करने को कहा गया है. निर्देशों के अनुसार, नामांकन शुल्क चालान के माध्यम से सीधे विश्वविद्यालय के ‘पीजी फंड’ में जमा किया जाएगा. प्राचार्य ने छात्रों से शांतिपूर्वक और समय सीमा के भीतर अपना नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन