कटिहार में पेपरलेस हुआ जमीन निबंधन, पहले दिन दो निबंधन हुए संपन्न

Updated:
विज्ञापन

निबंधन कार्यालय | Prabhat Khabar Network

बिहार के कटिहार में पेपरलेस जमीन निबंधन की शुरुआत हो गई है। इससे रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और लोगों के समय व पैसों की बचत होगी।

विज्ञापन

कटिहार : कटिहार में मंगलवार से जमीन निबंधन की प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस कर दी गयी. राज्य सरकार के निर्देश पर कटिहार निबंधन कार्यालय में नई व्यवस्था के तहत पहले दिन दो जमीन निबंधन संपन्न हुए. हालांकि, पेपरलेस निबंधन शुरू होने के साथ ही कार्यालय परिसर में मौजूद कातिबों ने इसका विरोध शुरू कर दिया और हड़ताल पर चले गये. बुधवार को भी पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया जारी रही, जबकि कातिबों का विरोध बना रहा.

मैनुअल से ऑनलाइन और अब पेपरलेस हुई प्रक्रिया

बिहार में पहले जमीन निबंधन की प्रक्रिया मैनुअल तरीके से होती थी. इसके बाद निबंधन कार्य में कंप्यूटर का इस्तेमाल शुरू हुआ और प्रक्रिया ऑनलाइन की गयी. अब राज्य सरकार ने जमीन निबंधन की पूरी प्रक्रिया को पेपरलेस कर दिया है. इसके तहत निबंधन कार्यालय में दस्तावेजों के कागजी इस्तेमाल को कम करते हुए पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा रही है.

कातिबों ने जताया विरोध

पेपरलेस निबंधन शुरू होने के बाद निबंधन कार्यालय परिसर में मौजूद कातिबों ने इसका विरोध किया. कातिबों का कहना है कि नई व्यवस्था से उनके काम पर असर पड़ेगा. सभी डीड राइटरों ने बताया कि सरकार की ओर से पेपरलेस रजिस्ट्री को बंद करने की बात कही गयी है. इसी को लेकर वे विरोध कर रहे हैं.

निबंधन में पारदर्शिता और समय की होगी बचत

निबंधन पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पेपरलेस व्यवस्था से निबंधन प्रक्रिया में पारदर्शिता आयेगी और समय की भी बचत होगी. उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में गलतियों और फर्जीवाड़े की संभावना कम होगी. साथ ही जमीन निबंधन में डीड राइटरों की भूमिका भी काफी सीमित हो जायेगी.

ऐसे होगा पेपरलेस जमीन निबंधन

पेपरलेस जमीन निबंधन के लिए जमीन खरीदने और बेचने वाले व्यक्ति को सबसे पहले ई-निबंधन पोर्टल पर अपनी पहचान बनानी होगी. इसके लिए नाम और आधार संख्या दर्ज करनी होगी. इसके बाद जमीन से संबंधित खाता, खेसरा, रकबा, मौजा, थाना और पंचायत सहित अन्य विवरण दर्ज करना होगा. प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी होने पर संबंधित निबंधन कार्यालय से सहायता ली जा सकती है.

कातिबों को नहीं दी गयी हड़ताल की लिखित सूचना : निबंधन पदाधिकारी

निबंधन पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार से जिले में पेपरलेस जमीन निबंधन शुरू हो गया है और पहले दिन दो निबंधन संपन्न हुए हैं. उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से निबंधन कार्य में पारदर्शिता के साथ समय की भी बचत होगी. कातिबों के हड़ताल पर जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें कोई लिखित जानकारी नहीं दी गयी है. यदि कातिब निबंधन कार्य में बाधा या व्यवधान उत्पन्न करते हैं तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन