रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक को बनेंगी पुलिया

रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक को बनेंगी पुलिया
-पटरी आर-पार इन सुगम पुलिया का निर्माण मात्र 12 घंटे में किया जा सकेगा -देश भर में सुविधाजनक पुलिया बनाने का रेल मंत्री का निर्देश कटिहार रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब रेलवे मिशन मोड में कार्य करेगा. इसके तहत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुविधाजनक पुल और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा. इसी दिशा में व्यापक तैयारियों के तहत रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में संबंधित अधिकारियों के साथ एक कार्यशाला आयोजित कर जानकारी दी. कार्यशाला में सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा की गई. जहां रेल पटरी के एक तरफ बस्ती है और दूसरी तरफ़ खेत, विद्यालय, श्मशान या अन्य उपयोगी एवं महत्वपूर्ण स्थान हैं तो ऐसे स्थानों पर ये रेल पुलिया बनाई जायेंगी. रेल मंत्री ने देशभर में ऐसी रेल पुलियाओं को बनाने का निर्देश दिया, जहां अपने रोजमर्रा के जीवन में बड़ी संख्या में लोग पटरियों को पार करते हैं. जीवनदायी विकल्प के रूप में उभरेगी रेल पुलिया रेल मंत्री ने अधिकारियों को एक ऐसी सुविधाजनक रेल पुलिया बनाने को कहा जो पटरी पार करने वाले लोगों के लिए एक जीवनदायिनी विकल्प के रूप में उभरेगी. इन रेल पुलियाओं को बनाते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि एक आम आदमी साइकिल, मोटर साइकिल तथा कामकाज से जुड़ी अन्य चीजों को भी अपने साथ ले जा सके. इससे देशभर में पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी. देश की एक बड़ी आबादी के लिए भारतीय रेल की ये पुलिया वरदान साबित होगी. सुगम और सुरक्षित डिज़ाइन रेल मंत्री ने अधिकारियों को देश की इस बड़ी समस्या से अगले 5-6 वर्षों में निजात दिलाने को कहा. ये सभी पुलिया इस प्रकार से बनाई जायेंगी ताकि पटरियों के आर पार इनका निर्माण मात्र 12 घंटे में हो सके. रेल मंत्री ने कहा कि, डिज़ाइन इस प्रकार की हो, ताकि लोगों को इसे इस्तेमाल करने में कोई हिचक न हो. जल भराव से पुलिया प्रभावित न हो. रेल पुलिया बनाने का यह महत्वपूर्ण निर्णय पिछले कई दिनों से अधिकारियों के साथ चली आ रही मंत्रणा का परिणाम है. रेल मंत्री का मानना है कि, व्यवस्था संवेदनशील हो तथा एक आम आदमी की समस्यों का सभी अधिकारी ऐसा समाधान निकालें जो आने वाले कई दशकों तक प्रभावी रहे. कपिंजल किशोर शर्मा सीपीआरओ एन एफ रेलवे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




