बहियार बुलाकर मनीष का रेता गला, पहले भी दी थी जान मारने की धमकी
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 11 Jun 2026 6:57 PM
मोहजान बभनी बहियार में हुए मनीष कुमार हत्याकांड में नया खुलासा सामने आया है. मृतक के पिता अर्जुन मंडल ने फलका थाना में लिखित आवेदन देकर पांच लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि प्रेम प्रसंग के कारण उनके पुत्र की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई.
कटिहार के फलका से रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के मोहजान बभनी बहियार में हुए मनीष कुमार हत्याकांड में नया खुलासा सामने आया है. मृतक के पिता अर्जुन मंडल ने फलका थाना में लिखित आवेदन देकर पांच लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि प्रेम प्रसंग के कारण उनके पुत्र की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई. पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी शुरू कर दी है.प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मृतक के पिता अर्जुन मंडल, छोहार, थाना पोठिया निवासी ने अपने आवेदन में बताया है कि उनके पुत्र मनीष कुमार का मोहजान गांव निवासी पप्पू पासवान की पत्नी सीता देवी की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस संबंध को लेकर आरोपी पक्ष लंबे समय से नाराज था. उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू पासवान, सीता देवी, सागर पासवान, हरदेव पासवान और नितिश पासवान ने पूर्व में भी कई बार मनीष को जान से मारने की धमकी दी थी तथा कहा था कि यदि उसने संबंध खत्म नहीं किया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.फोन कर बुलाया, फिर उतार दिया मौत के घाट
आवेदन के अनुसार बुधवार की रात आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत मनीष कुमार को फोन कर मोहजान स्थित बहियार में बुलाया. जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. गंभीर चोट लगने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित शव को बहियार में फेंककर फरार हो गए.
पिता ने लगाई न्याय की गुहार
पुत्र की हत्या से टूट चुके पिता अर्जुन मंडल ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आवेदन में लिखा है कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाए. ताकि उन्हें न्याय मिल सके. उन्होंने घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी के लिए अपना संपर्क नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है.आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की दबिश
घटना को लेकर फलका थाना पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. नामजद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
कहते हैं थानाध्यक्ष
फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर पप्पू पासवान, सीता देवी, सागर पासवान, हरदेव पासवान और नितिश पासवान सहित अन्य के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जायेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










