आजमनगर में राजस्व कर्मचारी निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
म्यूटेशन के नाम पर रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद कटिहार के आजमनगर अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर को जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है. मामले की जांच के लिए त्रिस्तरीय टीम गठित कर सात दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है.
आजमनगर से नदीम अख्तर की रिपोर्ट
Katihar News : आजमनगर अंचल कार्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है. पिंढाल पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर का म्यूटेशन के नाम पर रुपये लेते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने तत्काल प्रभाव से संबंधित राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया.
निलंबन के साथ ही उनका मुख्यालय अनुमंडल राजस्व कार्यालय, मनिहारी निर्धारित किया गया है. इसके अलावा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए त्रिस्तरीय जांच दल का गठन किया गया है. जांच दल में अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कटिहार, अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी बारसोई तथा अंचलाधिकारी आजमनगर को शामिल किया गया है. टीम को सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है.
जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
जिलाधिकारी की कार्रवाई के बाद पूरे जिले में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है. अब सबकी निगाहें जांच दल की रिपोर्ट पर टिकी हैं. सूत्रों के अनुसार राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी मामले को गंभीरता से लिया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
गौरतलब है कि आजमनगर अंचल कार्यालय पहले भी म्यूटेशन संबंधी अनियमितताओं को लेकर चर्चा में रहा है. बीते दो जून को निगरानी विभाग की टीम ने भी म्यूटेशन के नाम पर ऑनलाइन रुपये लेने, म्यूटेशन में कथित हेरफेर तथा अन्य शिकायतों के आलोक में अंचल कार्यालय की जांच की थी. इसके बावजूद म्यूटेशन के नाम पर रुपये लेने का कथित वीडियो सामने आने से अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं.
उधर, राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर ने पूरे मामले पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए चुप्पी साध रखी है. अब जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ALSO READ : शादी से पहले सामने आई आकाशदीप की होने वाली दुल्हन की तस्वीर, जानिए कौन हैं अक्षिता राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










