10.59 करोड़ की लागत वाला कोचखाली बाड़ी पुल डेढ़ वर्ष बाद भी अधूरा, बरसात में बढ़ी लोगों की परेशानी

फोटो: उच्चस्तरीय आरसीसी पुल अभी तक अधूरा
कटिहार के कुम्हड़ी कोचखाली बाड़ी में 10.59 करोड़ की लागत से बन रहा उच्चस्तरीय पुल अपने निर्धारित समय से डेढ़ साल बाद भी अधूरा है. अधूरे ढांचे में जंग लग रहा है और बरसात में आवागमन दूभर हो गया है. ग्रामीण जल्द निर्माण पूरा करने की मांग कर रहे हैं.
Bridge Delay: कदवा (कटिहार). पूर्णिया-सोनैली पथ अंतर्गत कुम्हड़ी कोचखाली बाड़ी में नाबार्ड मद से 10 करोड़ 59 लाख 4 हजार रुपये की लागत से बनने वाला उच्चस्तरीय आरसीसी पुल अभी तक अधूरा है. कार्य की निर्धारित समय सीमा समाप्त हुए करीब डेढ़ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल पुल का ढांचा ही तैयार हो पाया है.
सितंबर 2025 तक पूरा होना था निर्माण
कार्यस्थल पर लगे बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के बोर्ड के अनुसार 129.60 मीटर लंबा पुल और 170 मीटर एप्रोच पथ का निर्माण किया जाना है. एकरारनामा संख्या 16/2023-24, दिनांक 15 मार्च 2024 के तहत यह कार्य आरकेएस इजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड, पटना को दिया गया था. निर्धारित समय के अनुसार निर्माण कार्य 14 सितंबर 2025 तक पूरा होना था.
अधूरे ढांचे में जंग खा रहा सरिया
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है. पुल का ढांचा अधूरा पड़ा है और उसमें लगा सरिया अब जंग खाने लगा है. लोगों का आरोप है कि न तो संवेदक गंभीरता दिखा रहा है और न ही संबंधित विभाग निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर रहा है.
बरसात में आवागमन बना चुनौती
पुल अधूरा रहने के कारण एप्रोच पथ पर हल्की बारिश में भी कीचड़ जमा हो जाता है. इससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों को काफी कठिनाई होती है. फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष भी बरसात में उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की
Bridge Delay: स्थानीय निवासी मोतीलाल विश्वास, विनोद ठाकुर, पंकज यादव, प्रमोद विश्वास, अमित विद्यार्थी, नीतू कुमारी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है. उनका कहना है कि इस महत्वपूर्ण पुल के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










