''चलो असली गेम खेलते हैं''... और पबजी के विवाद में किशोर ने साथी पर चला दी गोली

'चलो असली गेम खेलते हैं'... और पबजी के विवाद में किशोर ने साथी पर चला दी गोली
बारसोई. नगर पंचायत वार्ड संख्या चार में मंगलवार की संध्या करीब सात बजे एक दर्दनाक व चौंकाने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. ऑनलाइन गेम के विवाद में एक दोस्त ने अपने 15 वर्षीय साथी मो तजमुल के पुत्र मो आलम को गोली मार दी. यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेम की लत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. जानकारी के अनुसार, मो आलम अपने दोस्त रिजाउल उर्फ राज पिता सफीकुल के साथ पबजी व फ्री फायर जैसे ऑनलाइन गेम खेल रहा था. इसी दौरान गेम में रुपये के जीत-हार को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित राज ने गुस्से में आकर कहा, यह नकली गेम क्यों खेलते हो, चलो असली गेम खेलते हैं और देखते ही देखते उसने गोली चला दी. गोली लगने से मो आलम गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडल अस्पताल बारसोई में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जाता है कि आरोपित राज जो घायल का करीबी दोस्त है. मुम्बई में रहता है. वह मंगलवार को ही घर लौटा था. घर आने के कुछ ही घंटों बाद यह खौफनाक घटना घट गयी. घटना की सूचना मिलते ही बारसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू कर दी है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित विधि निरुद्ध नही किया जा सका है. पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है. इसे ऑनलाइन गेम में पैसों के लेन-देन से जुड़ा मामला मान रही है.
ऑनलाइन गेम बच्चों के लिए बन रहा खतरा
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि ऑनलाइन गेम की लत किस कदर बच्चों को मानसिक रूप से प्रभावित कर रही है. जीत-हार और पैसे के लालच में बच्चे आपसी रिश्तों को भी भूल जा रहे हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक गेम खेलने से बच्चों में आक्रोश, चिड़चिड़ापन और हिंसक प्रवृत्ति बढ़ सकती है. अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें इस तरह के खतरनाक प्रभावों से बचाने के लिए समय रहते जागरूक करें, वरना मनोरंजन के नाम पर शुरू हुआ यह खेल कभी भी जानलेवा बन सकता है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




