अतिक्रमण पर मिले मेडल तो अव्वल आता ये शहर
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
न्यू मार्केट की स्थिति ओल्ड मार्केट से भी बदतर कटिहार : कटिहार नगर निगम का सबसे व्यस्तम सड़क न्यू मार्केट रोड प्रशासनिक उपेक्षा के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. सड़क पर अतिक्रमण का आलम यह है कि सुबह होते ही दुकानदार यहां डेरा जमा लेते हैं और देर रात तक […]
विज्ञापन
न्यू मार्केट की स्थिति ओल्ड मार्केट से भी बदतर
कटिहार : कटिहार नगर निगम का सबसे व्यस्तम सड़क न्यू मार्केट रोड प्रशासनिक उपेक्षा के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. सड़क पर अतिक्रमण का आलम यह है कि सुबह होते ही दुकानदार यहां डेरा जमा लेते हैं और देर रात तक डटे रहते हैं. यहां तक कि इस सड़क पर रात में दुकान का सामान पड़ा रहता है, जिस कारण से इस सड़क पर वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है.
दिन में भीड़ भाड़ और रात में भी प्लास्टिक से ढके सामान सड़क पर पड़े रहने के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जबकि इस सड़क से प्रत्येक दिन उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की गाड़ी भी गुजरती रहती है. फिर भी इसे अनदेखा क्यों किया जाता है, यह आम आदमी की समझ से परे है. सड़क की चारों दिशाओं में विभिन्न प्रकार की दुकानें सुबह होते ही सज जाती हैं. इससे सड़क गली बन जाती है. अब इस गलीनुमा सड़क पर जब वाहन व राहगीर निकलते हैं, तो घंटों जाम की स्थिति रहती है. कभी-कभी एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है. जहां रोगी के लिए एक-एक सेकेंड भारी पड़ता है, वहां जाम की वजह से एंबुलेंस काे भी रेंगते हुए चलना पड़ता है. कई बार अधिकारियों की गाड़ी भी जाम में फंसती है, लेकिन उनके साथ चलने वाले सुरक्षाकर्मी किसी तरह उनकी गाड़ी जाम से निकाल ले जाते हैं. पर, आम लोग जाम से बचने के लिए सुरक्षाकर्मी कहां से लाएं.
चुंगी वसूलने में रहते हैं व्यस्त : हद तो यह है कि निगम के कर्मचारी फुटपाथी दुकानदारों से चुंगी वसूलने में व्यस्त रहते हैं और पुलिस को भी बंधी बधायी रकम मिल जाती है.
ये दुकानदार केवल सड़क पर अतिक्रमण ही नहीं करते, बल्कि शहर को स्वच्छता में सबसे निचले पायदान पर ले जाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. शहर की सफाई तो वैसे ही भगवान भरोसे है, ऊपर से ये फुटपाथी दुकानदार अपना सामान समेटने के बाद सड़ी-गली सब्जियां, फल या अन्य सामान सड़क पर ही उड़ेल देते हैं. शहर का महत्वपूर्ण व्यस्तम सड़क होने के बावजूद बाटा चौक से हरदयाल टाकिज चौक तक सड़क पर सब्जी, फल, फूल, कपड़ा, हरएक माल, टोकरी, चाय, पान, नास्ते की दुकानें सड़क पर या सड़क के किनारे सजी रहती हैं. अगर बाहर व्यक्ति यहां आये, तो उसे पता ही नहीं चलेगा कि यह सड़क है या सब्जीमंडी.
स्थायी दुकानदार आंदोलन का बना रहे मूड
कटिहार न्यू मार्केट रोड के किनारे कटरा में स्थायी दुकानदार अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं. आमान आप्टिकल के संचालक मो फारूक कैसर कहते हैं कि सड़क पर गंदगी के साथ-साथ अतिक्रमण से संभ्रात परिवार के लोग हम लोगों की दुकान पर आना नहीं चाहते हैं. हम सरकार को कई रूप में राजस्व देते आ रहे हैं, फिर भी प्रशासन व निगम इन फुटपाथी दुकानदारों को संरक्षण दे रहा है.
अगर जल्द ही प्रशासन व निगम ने न्यू मार्केट रोड पर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करते हैं, तो हम लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. आहार होटल के मो अंसार आलम ने बताया कि सड़क पर दुकान लगाने से जाम की समस्या बना रहती है. होटल के आगे फुटपाथी दुकान लगने व बाइक खड़ा करने से हमारा व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है.
प्रशासन व निगम के पास कोई प्लानिंग नहीं : अंबे बीज भंडार के धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन व निगम के पास कोई प्लानिंग नहीं है. फुटपाथी दुकानदार टोकरी, ठेला लेकर सड़क पर बैठ जाएं या किसी के घर के सामने कोई रोकने टोकने वाला नहीं है. किराना दुकानदार प्रमोद कुमार चौधरी कहते हैं कि प्रशासन व निगम की उदासीनता से डिवाइडर पर दुकानें लगती हैं. अच्छा होता प्रशासनिक पहल कर कहीं सरकारी जमीन चिह्नित कर फुटपाथी दुकानदारों को बसाया जाता, तो जाम की नौबत भी नहीं आती और किसी का रोजगार भी नहीं छिनता.
वहीं सब्जी दुकानदार सुरज कुमार ने कहा कि गरीबी के कारण सड़क पर दुकान लगा कर दो जून की रोटी का जुगाड़ करते हैं. यहां दुकान चलाने के एवज में निगम कर्मचारी को आठ रुपये प्रतिदिन देते हैं. हमें सड़क पर दुकान लगाने का शौक नहीं है. अगर प्रशासन कोई जगह उपलब्ध करा दे, तो हमारी समस्या भी दूर हो जायेगी.
सभी सहयोग से ही दूर होगी समस्या
कटिहार जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सह वार्ड संख्या 30 के वार्ड आयुक्त विमल सिह बेगानी ने कहा कि राजेंद्र पथ में जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने पर निगम ठोस कदम उठा रहा है. पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया है. उन्होंने फुटपाथी दुकानदारों से अपील की है कि न्यू मार्केट के अंदर बने शेड तथा चबूतरा पर ही दुकान लगाएं, ताकि राहगीरों को यातायात में असुविधा न हो. जाम की समस्या दूर करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए
बैठक में लिया गया है प्रस्ताव, जल्द दिखेगा असर: मेयर
मेयर विजय सिंह ने कहा कि नगर में जाम की समस्या को लेकर पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक कर अमलीजामा पहनाने को लेकर ठोस निर्णय लिया गया है. जल्द ही धरातल पर यह दिखने लगेगा. इस अभियान में सभी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी व आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है. शहर में जाम की स्थिति पैदा करने में सड़क के किनारे बने गोदाम, बैंक, नर्सिंग होम, विवाह भवन कम जिम्मेदार नहीं है. इनके पास पार्किंग नहीं है. इसके कारण सड़कों पर वाहनों का जमावाड़ा दिन भर लगा रहता है. इस कारण जाम की समस्या बनी हुई है.
न्यू मार्केट में लोहे का लगेगा डिवाइडर: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि राजेंद्र पथ से अतिक्रमण हटाते हुए सड़क के दोनों तरफ सिमेंट का टाइल्स लगाया जायेगा. लोहे का डिवाइडर बनाया जायेगा. डिवाइडर के अंदर दुकान लगाने की व्यवस्था की जायेगी. ऐसा करने से सड़क की खूबसुरती भी बढ़ जायेगी और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी. सड़कों पर वाहन खड़ा हाेने से भी अक्सर जाम लगता है. लोगों को भी जागरूक बनना होगा. सभी के प्रयास से ही समस्या दूर होगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










