कैमूर में धान की सिंचाई करने गया युवक ताल में डूबा, पैर फिसलने से हुई मौत

शव के पास ग्रामीण महिला पुरुष की भीड़ | Prabhat Khabar Network
कैमूर के करमचट थाना क्षेत्र में धान की सिंचाई के दौरान एक दुखद घटना में 40 वर्षीय युवक रमेश प्रसाद उर्फ गुड्डू की डूबने से मौत हो गई. पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गया, जहाँ से ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. यह घटना परिवार के लिए एक बड़ा सदमा है, खासकर उनके दो छोटे बेटों के लिए.
Kaimur News : करमचट थाना क्षेत्र के बहेरी गांव में सोमवार की देर शाम धान की फसल की सिंचाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. ताल का पानी काटते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
धान की सिंचाई के लिए गया था बड़का ताल
मृतक की पहचान बहेरी गांव निवासी हरिद्वार प्रजापति के पुत्र रमेश प्रसाद उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है. घटना सोमवार शाम करीब 7:15 बजे काली मंदिर के पास स्थित बड़का ताल के निकट हुई. मृतक के बड़े भाई वीरा प्रजापति ने बताया कि रोपाई के बाद धान की फसल को पानी की जरूरत थी. इसी कारण गुड्डू ताल पर पानी काटने गया था.
पैर फिसला और गहरे पानी में डूब गया
पानी काटने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ताल में गिरकर डूबने लगा. काली मंदिर के पास बैठे कुछ बुजुर्गों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत ताल में छलांग लगाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिंचाई के दौरान पैर फिसलने से डूबने की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी.
दो छोटे बेटों के सिर से उठा पिता का साया
स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार बारिश के कारण बड़का ताल का जलस्तर बढ़ गया था और किनारों पर काफी फिसलन थी, जिससे यह हादसा हुआ. बताया जाता है कि रमेश प्रसाद उर्फ गुड्डू चार भाइयों में सबसे छोटे थे. उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे पुत्र हैं. घर की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










