कैमूर: भैंस चराने निकले युवक की संदिग्ध हालत में मौत, इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़
पोस्टमार्टम के दौरान उपस्थित परिजन | Prabhat Khabar Network
भभुआ के रतवार गांव में भैंस चराने गए 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में है, पुलिस जांच में जुटी है।
Kaimur News : भभुआ थाना क्षेत्र के रतवार गांव निवासी 20 वर्षीय युवक दिलीप सिंह यादव की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां-बाप समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
भैंस चराने के लिए घर से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, दिलीप सिंह यादव सोमवार की दोपहर गांव से भैंस चराने के लिए कोशडीहरा सिवान की ओर गया था. इसी दौरान कोशडीहरा गांव निवासी जोगिंदर सिंह के चेंबर के पास वह संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. आसपास के लोगों की नजर युवक पर पड़ी, तो इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गयी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना पर भभुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
इकलौते बेटे की मौत से सदमे में परिवार
दिलीप सिंह यादव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









