कैमूर: पुलिस टीम पर हमला कर चोरी के आरोपित को छुड़ाया, आधा दर्जन से अधिक हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

पुलिस टीम पर हमला

रामगढ़ के किशनपुरा में पुलिस टीम पर हमला कर भीड़ ने चोरी के आरोपी को छुड़ाया। घटना में पुलिसकर्मी और सरपंच घायल, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान जारी।

विज्ञापन

Kaimur News : कैमूर जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र के किशनपुरा गांव के समीप सोमवार को पुलिस टीम पर हमला कर चोरी के एक आरोपित को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लेने की सनसनीखेज घटना सामने आयी. महादलित बस्ती के पास सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से पुलिस वाहन को घेरकर हमला कर दिया. हमलावरों ने पुलिस वैन का पिछला शीशा तोड़ दिया और वाहन में बैठे चोरी के आरोपित खलासी मुसहर को जबरन बाहर निकालकर भगा दिया. अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा. घटना में हवलदार जयप्रकाश मंडल, महिला सिपाही पूजा कुमारी और सदुल्लहपुर डरवन पंचायत के सरपंच दीनदयाल उपाध्याय घायल हो गये.

स्टार्टर चोरी की जांच में खुला मामला

मामला 10 अगस्त को खेतों में लगे पटवन चेंबर से करीब 19 हजार रुपये मूल्य के एलएनटी कंपनी के स्टार्टर की चोरी से जुड़ा है. सरपंच दीनदयाल उपाध्याय के अनुसार, 10 अगस्त को वह आठ-दस मजदूरों के साथ खेत में खाद डालने गये थे. काम समाप्त होने के बाद सभी लौट गये. अगले दिन चेंबर में लगा स्टार्टर गायब मिला. इसके बाद सरपंच ने पुलिस को आवेदन देने के साथ अपने स्तर से भी छानबीन शुरू की.

करीब छह दिनों की जांच के बाद सोमवार को पुलिस को चोरी के संबंध में अहम जानकारी मिली. पुलिस ने किशनपुरा महादलित बस्ती निवासी खलासी मुसहर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर किशनपुरा निवासी जागरूक साह को भी हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में खलासी ने चोरी का स्टार्टर जागरूक साह को बेचने की बात बतायी.

बेटे ने बस्ती में दी सूचना, सड़क पर उतर गयी भीड़

पुलिस दोनों आरोपितों को 112 वाहन से रामगढ़ थाना ला रही थी. इसी दौरान किशनपुरा गांव से पहले महादलित बस्ती के समीप जागरूक साह के बेटे ब्रह्मानंद ने अपने पिता और खलासी की गिरफ्तारी की सूचना बस्ती के लोगों को दे दी. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर सिसौडा-मुखराव मुख्य पथ पर उतर आये.

पुलिस वाहन के बस्ती के सामने पहुंचते ही भीड़ ने उसे चारों ओर से घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया. इसके बाद लाठी-डंडों से वाहन पर हमला किया गया. हमलावरों ने पुलिस वैन का पिछला शीशा तोड़कर अंदर बैठे खलासी मुसहर को बाहर खींच लिया और उसे मौके से भगा दिया. अचानक हुए हमले के कारण पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा.

पुलिसकर्मी और सरपंच हुए घायल

हमले में हवलदार जयप्रकाश मंडल और महिला सिपाही पूजा कुमारी को चोटें आयीं. पुलिस के साथ मौजूद सरपंच दीनदयाल उपाध्याय भी घायल हो गये. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दूसरे आरोपित जागरूक साह और उसके बेटे ब्रह्मानंद को सुरक्षित रामगढ़ थाना पहुंचाया.

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बस्ती में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. पुलिस के अनुसार, फुटेज में पुलिस वाहन पर हमला करने और आरोपित को छुड़ाने की घटना कैद हुई है. इसके आधार पर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.

फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला कर आरोपित को छुड़ाने की घटना को गंभीरता से लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फरार खलासी मुसहर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. स्टार्टर खरीदने के आरोपित जागरूक साह और उसके बेटे ब्रह्मानंद को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. सरपंच के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

 112 वाहन का टूटा हुआ शीशा,सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित होते आरोपित, घायल हाथों को दिखाते सरपंच | Prabhat Khabar Network
 112 वाहन का टूटा हुआ शीशा,सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित होते आरोपित, घायल हाथों को दिखाते सरपंच | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन
Sanjay Jaiswal

लेखक के बारे में

By Sanjay Jaiswal

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन