कैमूर में हरियाली तीज पर गुलजार वाटिका में सजा सावन का रंग, महिलाओं ने झूले और लोकगीतों के साथ मनाया उत्सव
फोटो.तीज महोत्सव के दौरान उपस्थित महिलाएं | Prabhat Khabar Network
भभुआ के गुलजार वाटिका में महिलाओं ने हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया। पारंपरिक गीतों, नृत्य और पूजा के साथ महिलाओं ने सावन की खुशियां साझा कीं।
kaimur News : शहर के गुलजार वाटिका में रविवार देर शाम हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. सावन की हरियाली, पारंपरिक परिधान और लोक संस्कृति के रंग में रंगे इस आयोजन में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
सावन के गीतों पर झूलीं महिलाएं, नृत्य-संगीत से गुलजार हुआ परिसर
पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के दौरान सावन के पारंपरिक गीतों पर महिलाओं ने झूले का आनंद लिया. नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियों से गुलजार वाटिका का माहौल उत्सवमय बना रहा. पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पहुंचीं महिलाएं आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं.
मेहंदी और श्रृंगार प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. मेहंदी और श्रृंगार प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं को पुरस्कृत किया गया.
तीज केवल पर्व नहीं, संस्कृति से जुड़ने का भी अवसर
महोत्सव में शामिल भभुआ नगर पर्षद की अध्यक्ष रविता पटेल और दवा व्यवसायी मधु गुप्ता ने कहा कि हरियाली तीज केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के आपसी मेल-मिलाप और लोक संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी है. ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति की जानकारी मिलती है. सावन के महीने में इस तरह के आयोजन का उद्देश्य आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखना है.
सावन के गीतों से गूंजता रहा गुलजार वाटिका
कार्यक्रम में महिलाओं ने सामूहिक रूप से सावन के पारंपरिक गीत गाए और झूमते-नाचते हुए उत्सव का आनंद लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान गुलजार वाटिका का वातावरण गीत-संगीत, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा. महिलाओं ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ तीज की खुशियां साझा कीं.
आयोजन में भभुआ नगर पर्षद की अध्यक्ष रविता पटेल सहित शिल्पी अग्रवाल, मधु गुप्ता, माधुरी देवी, अल्का, रीमा, सोनी, रिंकी, श्रद्धा, बंदना और सविता सहित अन्य महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









