तीसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कैमूर
फोटो.7. मंदिर में पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
सावन की तीसरी सोमवारी पर जिलेभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
Kaimur News : सावन महीने की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे. शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिरों में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था.
कपाट खुलते ही जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़
तीसरी सोमवारी की सुबह मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में लग गये. शहर के पुलिस लाइन स्थित डाकेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन देवी जी मंदिर, आजाद नगर शिव मंदिर, वार्ड नंबर छह स्थित अस्करण मंदिर, महावीर मंदिर, रामजानकी मंदिर और बूढ़वा महादेव समेत छोटे-बड़े सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही.
बेलपत्र, भांग और धतूरा चढ़ाकर की पूजा
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल-फूल आदि अर्पित कर पूजा-अर्चना की. कई शिवालयों में विशेष रुद्राभिषेक भी कराया गया. महिलाओं और युवतियों ने भी पूजा-अर्चना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बच्चे, बुजुर्ग और युवा भी सुबह से ही हाथों में पूजा की थाली लेकर शिवालयों की ओर जाते नजर आये.
कई मंदिरों में हुआ रुद्राभिषेक और शिवचर्चा
तीसरी सोमवारी के अवसर पर शहर के कई मंदिरों में रुद्राभिषेक और शिवचर्चा का आयोजन किया गया. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं का मानना रहा कि सावन की सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और परिवार में सुख-शांति आती है.
भीड़ को देखते हुए पुलिस रही अलर्ट
शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए महिला और पुरुष जवानों की तैनाती की गयी थी. प्रभारी नगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी और जवान शहर के विभिन्न मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त करते रहे. प्रशासन का प्रयास रहा कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









